भिंड जिले के आलमपुर थाना क्षेत्र में गेंथरी गांव में एक महिला पर चार लोगों ने अचानक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हुई महिला को प्राथमिक इलाज के बाद हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल भिंड रेफर किया गया। जमीन विवाद को हमले की वजह बताया गया।
.
सुबह करीब नौ बजे ररुआ निवासी 30 वर्षीय प्रिया कौरव पत्नी दिवंगत मेहताब सिंह कौरव पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया।
घटना उस समय हुई जब प्रिया किसी काम से गांव गेंथरी में बिरजू बाबा भगत के घर के बाहर पहुंची थीं। जैसे ही वह दरवाजे के पास पहुंचीं, तभी वहां मौजूद नरेश कौरव, हरीशंकर कौरव, गुड्डी देवी और कैला देवी ने मिलकर अचानक उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि चारों ने लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे प्रिया वहीं बेहोश होकर गिर पड़ी।
घटना देखकर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और बेहोश हालत में पड़ी प्रिया को पहले आलमपुर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के दौरान उसकी हालत गंभीर होने पर उसे लहार और फिर जिला अस्पताल भिंड रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पति का 8 साल पहले निधन घायल प्रिया ने पुलिस को बताया कि उसके पति का कैंसर से आठ साल पहले निधन हो चुका है। ररुआ गांव में उसकी करीब चार बीघा जमीन है, जिसे उसका भतीजा कोमल पुत्र रामबिहारी जोतता है। इसी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
कुछ दिन पहले प्रिया ने भतीजे कोमल के खिलाफ थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। विवाद बढ़ने के बाद वह ररुआ गांव छोड़कर आलमपुर में रहने लगी थी, लेकिन किसी काम से वह फिर गेंथरी आई थी, जहां यह हमला हो गया।
टीआई रवि उपाध्याय ने बताया कि
पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
