India vs South Africa 1st Test: साउथ अफ्रीका ने भारत को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में पहले टेस्ट मैच में 124 रनों का लक्ष्य दिया. इसके बाद दूसरी पारी में टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही. दोनों ओपनर्स तुरंत ही आउट हो गए. इससे भारत दबाव में आ गया है. लंच तक उसने दो विकेट गंवा दिए. केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल लगातार दूसरी पारी में फेल हो गए. पहली पारी में राहुल ने 39 और यशस्वी ने 12 रन बनाए थे. दूसरी पारी में तो दोनों मिलकर सिर्फ 1 रन ही बना सके और एक शर्मनाक लिस्ट में अपना नाम दर्ज कराया.
यानसेन ने बरपाया कहर
साउथ अफ्रीका के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मार्को यानसेन ने दूसरी पारी में सबसे पहले यशस्वी जायसवाल का शिकार किया. यशस्वी खाता नहीं खोल पाए और विकेटकीपर काइल वेरिन को कैच दे बैठे. उनके बाद केएल राहुल ही जल्दी ही पवेलियन लौट गए. यानसेन की अचानक उछली गेंद को वह थर्ड मैन बाउंड्री से बाहर भेजना चाहते थे, लेकिन बॉल विकेटकीपर वेरिन के हाथों में चली गई. दोनों के आउट होने से टीम दबाव में आ गई.
15 सालों बाद हुआ ऐसा
टेस्ट क्रिकेट में 15 सालों में भारतीय ओपनर्स का संयुक्त रूप से किसी घरेलू टेस्ट में यह न्यूनतम स्कोर है. राहुल और यशस्वी ने मिलकर कुल 1 रन ही बनाया. इससे पहले 2010 में गौतम गंभीर और वीरेंद्र सहवाग अहमदाबाद में 1 रन ही बना पाए. गंभीर खाता नहीं खोल पाए थे और सहवाग 1 रन के स्कोर पर आउट हो गए थे. राहुल और यशस्वी अब उनके क्लब में सामने हो गए.
घरेलू टेस्ट की एक पारी में भारतीय ओपनर्स का सबसे कम स्कोर
0 बनाम ऑस्ट्रेलिया चेन्नई 1964 (एमएल जयसिम्हा 0, इंद्रजीतसिंहजी 0)
0 बनाम न्यूजीलैंड मोहाली 1999 (देवांग गांधी 0, एस रमेश 0)
1 बनाम न्यूजीलैंड अहमदाबाद 2010 (गंभीर 0, सहवाग 1)
1 बनाम एसए कोलकाता 2025 (जायसवाल 0, केएल राहुल 1)
ये भी पढ़ें: ईडन गार्डन्स में भारत के सामने ‘पहाड़’ जैसा टारगेट, साउथ अफ्रीका को हराने के लिए तोड़ना होगा 21 साल पुराना रिकॉर्ड
मैच में अब तक तक क्या हुआ?
अफ्रीकी टीम ने मैच के तीसरे दिन दूसरी पारी में 153 रन बनाए. इससे पहले पहली पारी में उसका स्कोर 159 रन था और भारत ने 189 रन बनाकर 30 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी. इस तरह साउथ अफ्रीका को दूसरी पारी में 123 रनों की बढ़त ही मिली और टीम इंडिया को 124 रन का टारगेट मिला.