टी20 क्रिकेट में ऐसे बड़े-बड़े अजूबे हुए हैं, जो क्रिकेट फैंस के होश उड़ाकर रख देंगे. टी20 क्रिकेट की एक पारी में कुल 120 गेंदें होती हैं, ऐसे में एक बल्लेबाज का दोहरा शतक बनाना किसी चमत्कार से कम नहीं है. एक बल्लेबाज ने क्रिकेट के मैदान पर एक बार भीषण तबाही मचाई और टी20 में दोहरा शतक जड़ने का अनोखा रिकॉर्ड बना दिया. इस बल्लेबाज ने टी20 क्रिकेट में 79 गेंदों पर नाबाद 205 रन ठोक डाले.
भारत के इस खूंखार बल्लेबाज ने टी20 क्रिकेट में ठोका दोहरा शतक
भारत के एक खूंखार बल्लेबाज ने टी20 क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ते हुए 79 गेंदों पर नाबाद 205 रन ठोक दिए. बता दें कि दिल्ली के एक बल्लेबाज सुबोध भाटी ने साल 2021 में इंटर क्लब टी20 मैच में दिल्ली इलेवन के लिए खेलते हुए सिम्बा टीम के खिलाफ 259.49 के स्ट्राइक रेट से 79 गेंदों पर नाबाद 205 रन बनाए थे. सुबोध भाटी ने इस दौरान 17 चौके और 17 छक्के जमाए थे. मजे की बात ये रही कि सुबोध भाटी ने 205 रन में से 170 रन तो सिर्फ चौके और छक्कों से ही बनाए थे.
सुबोध भाटी ने टीम के 80% रन अकेले ही बनाए
दिल्ली इलेवन की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सुबोध भाटी की पारी के दम पर 20 ओवर में 1 विकेट पर 256 रन का स्कोर खड़ा किया था. सुबोध भाटी ने दिल्ली इलेवन की टीम के 80% रन अकेले ही बनाए थे. सुबोध भाटी के अलावा दिल्ली इलेवन के बाकी दो बल्लेबाजों ने मिलकर 31 रन बटोरे थे. इस दौरान सचिन भाटी ने 25 रन और कप्तान विकास भाटी ने 6 रन बनाए थे. दिल्ली इलेवन की टीम को 20 रन एक्स्ट्रा के मिले थे. लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिंबा की टीम 199 रन पर ही ढेर हो गई और दिल्ली इलेवन ने 57 रन से मैच जीत लिया.
कौन हैं सुबोध भाटी?
सुबोध भाटी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. सुबोध भाटी का जन्म 29 सितंबर 1990 को उत्तरप्रदेश के मोदीपुर में हुआ था. हालांकि डोमेस्टिक क्रिकेट में सुबोध भाटी दिल्ली की ओर से क्रिकेट खेल चुके हैं. सुबोध भाटी दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और मीडियम पेस गेंदबाजी करने में भी माहिर हैं. सुबोध भाटी ने 10 फर्स्ट क्लास मैचों में 201 रन बनाने के अलावा 22 विकेट भी झटके हैं. 29 लिस्ट ए मैचों में सुबोध भाटी ने 155 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 44 विकेट भी चटकाए हैं. सुबोध भाटी ने 44 टी20 मैचों में 139 रन बनाने के अलावा 52 विकेट भी हासिल किए हैं.