इंदौर शहर में लगातार ट्रैफिक पुलिस अलग-अलग जगह कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में ट्रैफिक पुलिस ने कॉलेज की एक एसी बस को पकड़ा, जो बिना फिटनेस के सड़क पर दौड़ रही थी। पुलिस ने उस पर 5 हजार का जुर्माना वसूला है।
.
ट्रैफिक सूबेदार अरुण सिंह और उनकी टीम स्टार चौराहे पर लगे थे और विशेष मुहिम के तहत स्कूल-कॉलेज बसों की जांच कर रहे थे। तभी अल फारुकी यूनानी मेडिकल कॉलेज की बस आई तो पुलिस ने उसे रोका और पीओएस मशीन से बस के डॉक्यूमेंट्स चेक किए। डॉक्यूमेंट्स चेक करने के दौरान पता चला कि बस का तो फिटनेस खत्म हो गया है। इस पर पुलिस ने बस का 5 हजार का चालान बनाया।
पुलिस ने पीछा करके बस को पकड़ा।
चेकिंग देख बदला रास्ता, पीछा कर पकड़ लिया
वहीं स्टार चौराहे क्षेत्र में चल रही विशेष मुहिम के दौरान बसों की चेकिंग की जा रही थी। इसकी जानकारी कुछ बस ड्राइवरों को मिली तो वे बसें रेडिसन की ओर से आते समय सांईं कृपा कॉलोनी होकर महालक्ष्मी नगर, तुलसी नगर, एडवांस एकेडमी रास्ते से होते हुए बाइपास की ओर निकलने लगी थी, ताकि चेकिंग से बच सके।
सूबेदार अरुण सिंह ने रेडिसन की तरफ से आ रही भोपाल ट्रेवल्स की एक बस को सांईं कृपा कट से महालक्ष्मी नगर की ओर तेजी से जाते देखा। इस पर उन्होंने बस का पीछा किया और उसे रोका। जब ड्राइवर से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसे राजू ने बोला था कि सांईं कृपा कट से निकल जाना, स्टार चौराहे पर बसों की चेकिंग चल रही है। पुलिस ने 5 हजार रुपए का चालान बनाया और ड्राइवर को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी।

पुलिस ने बाइक को जब्त करने की कार्रवाई की।
इधर, पुलिस द्वारा हेलमेट को लेकर भी शहर में चेकिंग की जा रही है। हेलमेट जागरूकता विशेष अभियान के दौरान उपनिरीक्षक बलराम सिंह ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हुए एक बाइक सवार को रोका। जब उन्होंने बाइक की जांच की तो पता चला कि वाहन चालक ने 27 बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया है और चालानों का जुर्माना भी अब तक जमा नहीं किया गया था।
पुलिस ने पुराने चालान नहीं भरने और लगातार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर बाइक को जब्त करने की कार्रवाई की।