भारत के खिलाफ जीत के बाद तेम्बा बावुमा ने रचा इतिहास, कोहली और पोंटिंग जैसे महान कप्तान भी नहीं कर पाए ये कमाल

भारत के खिलाफ जीत के बाद तेम्बा बावुमा ने रचा इतिहास, कोहली और पोंटिंग जैसे महान कप्तान भी नहीं कर पाए ये कमाल


साउथ अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने भारत के खिलाफ कोलकाता टेस्ट मैच को जीतकर इतिहास रच दिया है. तेम्बा बावुमा ने एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है, जो दुनिया के बड़े-बड़े कप्तान भी बनाने में नाकाम रहे हैं. साउथ अफ्रीका ने भारत को कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच में 30 रन से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है. सीरीज का दूसरा मैच 22 नवंबर से गुवाहाटी में खेला जाएगा. तेम्बा बावुमा ने भारत के खिलाफ उसकी ही धरती पर पहले टेस्ट मैच में जिस तरह की कप्तानी करते हुए जीत दर्ज की है, उसे देख पूरी दुनिया हैरान रह गई है.

भारत के खिलाफ जीत के बाद तेम्बा बावुमा ने रचा इतिहास

साउथ अफ्रीका के कैप्टन तेम्बा बावुमा ने कप्तान के तौर पर दुनिया में सबसे तेज 10 टेस्ट मैच जीतने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है. तेम्बा बावुमा ने साउथ अफ्रीका को अभी तक 11 टेस्ट मैचों में कप्तानी करते हुए 10 जीत दिलाई हैं. इस दौरान एक मैच ड्रॉ रहा है. तेम्बा बावुमा की कप्तानी में साउथ अफ्रीका की टीम अभी तक एक भी टेस्ट मैच नहीं हारी है. तेम्बा बावुमा के बाद इस लिस्ट में इंग्लैंड के बेन स्टोक्स दूसरे नंबर पर आते हैं. बेन स्टोक्स ने कप्तान के तौर पर इंग्लैंड को 10 टेस्ट जिताने के लिए 12 मैच लिए थे. लिंडसे हस्सेट को 10 जीतने के लिए 12 टेस्ट और रिकी पोंटिंग को 13 टेस्ट मैच लग गए थे.

Add Zee News as a Preferred Source


विराट कोहली तो बहुत पीछे

विराट कोहली ने कप्तान के तौर पर भारत को 10 टेस्ट जिताने के लिए 17 मैच लिए थे. 35 साल के तेम्बा बावुमा ने 28 फरवरी 2023 को सेंचुरियन में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपनी टेस्ट कप्तानी का डेब्यू किया और अपनी टीम को 87 रनों से जीत दिलाई. तेम्बा बावुमा ने फिर अपनी कप्तानी के दूसरे मैच में 274 रनों से जीत हासिल की थी. 2023-25 ​​वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में तेम्बा बावुमा ने साउथ अफ्रीकी टीम के कप्तान के रूप में आठ में से सात मैच जीते. इन 7 जीतों में से पांच जीत उन्हें साउथ अफ्रीका में मिलीं.

तेम्बा बावुमा का अद्भुत रिकॉर्ड

एकमात्र टेस्ट मैच जिसमें तेम्बा बावुमा कप्तान के रूप में जीत हासिल करने में नाकाम रहे, वह 2024 में 7 से 11 अगस्त तक पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला गया था. वह मैच ड्रॉ रहा, जिसका अर्थ है कि तेम्बा बावुमा ने कप्तान के रूप में अभी तक कोई टेस्ट मैच नहीं हारा है. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में, तेम्बा बावुमा एकमात्र ऐसे कप्तान हैं जिन्होंने 10 से ज्यादा टेस्ट मैचों में कप्तानी करने के बावजूद अभी तक कोई मैच नहीं हारा है.



Source link