मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेलिहा (घोघम) के जंगल में मंगलवार दोपहर एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान हनुमना निवासी नरेश कोल (36) के रूप में हुई है। नरेश पिछले कई सालों से अपने ससुराल तेलिहा में ही रह रहा था।
.
वह मूल निवासी हनुमना थाना क्षेत्र के भाटी गांव का था। मृतक मजदूरी करके अपने जीवनयापन करता था।
घटना की जानकारी मृतक के छोटे भाई उमेश कोल ने पुलिस को दी। उमेश ने बताया कि उन्हें मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे सूचना मिली थी कि नरेश ने जंगल में सेन्दा के पेड़ पर फांसी लगा ली है। मौके पर अपनी पत्नी के साथ पहुंचने पर उन्होंने नरेश का शव पेड़ से लटका पाया। उमेश ने पुलिस को बताया कि नरेश ने यह कदम क्यों उठाया, इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
पुलिस ने मर्ग दर्ज किया
सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया, पंचनामा तैयार किया और मर्ग कायम कर कानूनी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नरेश कोल अनुसूचित जनजाति समुदाय से संबंधित था और अपने परिवार के साथ ससुराल में ही रह रहा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही युवक की मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।