विश्व प्रसिद्ध पर्यटन सांची में 29 और 30 नवंबर को महाबोधि महोत्सव एवं मेला का आयोजन होगा। प्रभारी कलेक्टर तन्मय वशिष्ठ शर्मा ने मंगलवार शाम को सांची में आयोजित बैठक में महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस बैठक में
.
प्रभारी कलेक्टर शर्मा ने यातायात, वाहन पार्किंग, सुरक्षा और साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं पर अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सांची महोत्सव में देश-विदेश से पर्यटक आते हैं, इसलिए सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएं ताकि आयोजन गरिमामय और व्यवस्थित हो सके।
पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडे ने सुरक्षा, यातायात और बैरिकेडिंग के संबंध में पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक के बाद प्रभारी कलेक्टर शर्मा ने अधिकारियों के साथ बौद्ध स्तूप परिसर का भ्रमण कर पार्किंग, पर्यटकों के आगमन-निर्गमन और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
इस वर्ष महोत्सव में श्रीलंका के हाई कमिश्नर और एक विशेष डांस ग्रुप भी शामिल होगा। पूजन के लिए श्रीलंका से विशेष सामग्री मंगाई जा रही है। श्रीलंका, जापान, वियतनाम और थाईलैंड सहित कई देशों के मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। महोत्सव की शुरुआत 29 नवंबर को सुबह 8 बजे महाबोधि सोसायटी से शोभा यात्रा के साथ होगी।
यह शोभा यात्रा सांची नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए सांची स्तूप परिसर स्थित चैत्यागिरी विहार मंदिर पहुंचेगी। चैत्यागिरी विहार के तलघर में भगवान बुद्ध के परम शिष्य सारिपुत्र और महामोदग्लायन के पवित्र अस्थि कलश सुरक्षित रखे गए हैं। बुद्ध महोत्सव के दौरान ये अस्थि कलश वर्ष में एक बार दो दिनों के लिए सूर्योदय से सूर्यास्त तक श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखे जाते हैं।