शिवपुरी जिले की खनियाधाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पशु क्रूरता के मामले में दो आयसर वाहन जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दुष्कर्म के फरार आरोपी मोहित परिहार को भी दबोच लिया।
.
थाना प्रभारी केदार सिंह यादव ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। फरियादी चंद्रशेखर पुरोहित की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 404/2025, धारा 11(1)(घ) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1969 और 325 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान गौवंश अधिनियम की धारा 4, 6, 9 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 भी बढ़ाई गई। 18 नवंबर की रात पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आयसर वाहन क्रमांक MP07ZP4057 और RJ11GD3457 जब्त किए। इस मामले में हरिज्ञान अहिरवार, कृष्णपाल यादव, सुरेंद्र कोली और उत्तम यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
खनियाधाना पुलिस ने दुष्कर्म के एक अन्य मामले में भी कार्रवाई की। फरियादिया की रिपोर्ट पर आरोपी मोहित परिहार के खिलाफ अपराध क्रमांक 472/2025, धारा 308(1), 74, 331(3), 351(3), 296ए और इजाफा धारा 64(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान 18 नवंबर 2025 को पुलिस ने आरोपी मोहित परिहार (निवासी वार्ड 01, खनियाधाना) को गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से जेल वारंट जारी होने के बाद उप-जेल पिछोर भेज दिया गया।