Shubman Gill Injury Update: टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल की गर्दन इस समय फैंस के लिए टेंशन साबित हो रही है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में खेले गए टेस्ट के दौरान उन्हें गर्दन में तकलीफ हुई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल भेजा गया. गिल दूसरी पारी में भी बल्लेबाजी नहीं कर सके थे. दो मैचों की सीरीज में 0-1 से पीछे चल रही टीम इंडिया के लिए दूसरा टेस्ट काफी अहम है.
22 नवंबर से गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले बुधवार को शुभमन गिल की चोट पर बड़ा अपडेट आया है. बीसीसीआई ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि शुभमन गिल पर इलाज का अच्छा असर हो रहा है और वे आज टीम के साथ गुवाहाटी के लिए रवाना होंगे।
शुभमन गिल खेलेंगे दूसरा टेस्ट?
BCCI ने ये तो बता दिया कि शुभमन गिल टीम इंडिया के साथ गुवाहाटी जा रहे हैं, लेकिन वो खेलेंगे या नहीं, इसपर सस्पेंस बरकरार है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि गिल मेडिकल स्टाफ की देखरेख में रहेंगे, जो आगे की जांच के बाद 22 नवंबर से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए उनकी उपलब्धता पर फैसला लेंगे।
कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन गिल को अस्पताल ले जाया गया, एक दिन पहले भारत की पहली पारी में केवल तीन गेंदें खेलने के बाद ही वह रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। बीसीसीआई ने तीसरे दिन की सुबह घोषणा की कि वह मैच में आगे हिस्सा नहीं लेंगे।
शुभमन नहीं खेले तो पंत करेंगे कप्तानी
अगर शुभमन गिल गर्दन में तकलीफ के कारण दूसरा टेस्ट मिस करते हैं तो विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत टीम इंडिया की कप्तानी करेंगे. वहीं प्लेइंग इलेवन में ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को जगह मिल सकती है, जिन्हें बैकअप के रूप में शामिल किया गया है. ईडन गार्डन्स में खेले गए पहले टेस्ट में भारत को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था. साउथ अफ्रीका सीरीज में 1-0 से आगे है. ऐसे में टीम इंडिया को किसी कीमत पर ये मुकाबला जीतना होगा.
ये भी पढ़ें: बुमराह को 20 मैच में बैन की मांग क्यों उठी? SA के खिलाफ पहले टेस्ट में की थी बड़ी गलती, ICC पर भी लगाया आरोप