दमोह शहर के स्टेशन चौराहे के पास एक ज्वेलर्स शॉप पर बुधवार दोपहर एक बदमाश ने सराफा व्यापारी की आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर चांदी की अंगूठी लूट ली। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
.
कमल श्री ज्वेलर्स के संचालक विपुल जैन ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे वह अपनी दुकान में थे, तभी लगभग एक युवक (20) चांदी की अंगूठी खरीदने आया। युवक ने 600 रुपए में अंगूठी खरीदी और भुगतान के लिए किसी अन्य व्यक्ति से पैसे आने का इंतजार करने लगा।
आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया और अंगूठी लेकर भागा
करीब एक घंटे तक युवक दुकान में बैठा रहा और भुगतान के लिए लगातार समय मांगता रहा। इस दौरान उसने सोने के आभूषण दिखाने को भी कहा, जिस पर व्यापारी ने बताया कि वे केवल चांदी के आभूषण बेचते हैं। इसी बीच जब व्यापारी फोन पर बात करने लगे, तो बदमाश ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया और अंगूठी लेकर भाग गया।
व्यापारी ने शिकायत दर्ज कराई
व्यापारी विपुल जैन की आंखों में मिर्च लगने से उन्हें कई घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम को हालत सामान्य होने के बाद उन्होंने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। व्यापारी ने बताया कि दुकान के सीसीटीवी कैमरे खराब हैं, लेकिन चौराहे पर लगे सरकारी सीसीटीवी कैमरों में आरोपी दिख सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आरोपी सामने आएगा तो वह उसे पहचान लेंगे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक आरोपी के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है।