Smriti Mandhana: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना 23 नवंबर को अपने बॉयफ्रेंड पलाश मुच्छल के साथ शादी के बंधन में बंध जाएंगी. शादी की रस्में शुरू हो चुकी हैं. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खास संदेश के माध्यम से मंधाना और पलाश को शादी की शुभकामनाएं दी हैं. हाल ही में महिला वर्ल्ड कप 2025 में चैंपियन बनने के बाद स्मृति मंधाना ने पूरी टीम के साथ पीएम मोदी से मुलाकात की थी. अब शादी पर उन्हें पीएम से खास बधाई मिली है.
लेटर में क्या लिखा?
प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में लिखा, ‘यह जानकर बहुत खुशी हुई कि स्मृति और पलाश की शादी 23 नवंबर, 2025 को होगी. इस शुभ और खुशी के मौके पर मंधाना और मुच्छल परिवारों को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं. जिंदगी के हर मौसम में हाथ में हाथ डालकर चलते हुए, इस जोड़े को एक-दूसरे की मौजूदगी में ताकत मिले और उनके दिल, दिमाग और आत्मा में तालमेल हो. उनके सपने आपस में जुड़ें और साथ-साथ बढ़ें, उन्हें खुशी और गहरी समझ से भरे भविष्य की ओर ले जाएं.’
‘हमेंशा एक दूसरे के साथ खड़े रहें’
प्रधानमंत्री ने लिखा, ‘स्मृति और पलाश भरोसे पर टिकी एक साथ जिंदगी बनाएं, हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहें, प्यार से जिम्मेदारियां निभाएं और एक-दूसरे की खूबियों और कमियों के जरिए साथ-साथ आगे बढ़ें. जैसे ही वे एक साथ एक नई, खूबसूरत जिंदगी शुरू करते हैं, स्मृति के कवर ड्राइव की खूबसूरती पलाश की मधुर म्यूजिकल सिम्फनी से मिलकर एक शानदार पार्टनरशिप बनाती है. यह सही है कि टीम ग्रूम और टीम ब्राइड के बीच एक सेलिब्रेशन क्रिकेट मैच तय किया गया है. दोनों टीमें जिंदगी के खेल में जीतें। मैं इस खास मौके पर कपल को अपनी दुआएं भेजता हूं.’
ये भी पढे़ं.. IND vs SA: गंभीर ने जबरन लिया पिच का दोष? आलोचना पर ठनका बैटिंग कोच का माथा, बोले- ये तरीका नहीं..
लंबे समय से चल रही डेटिंग
स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल लंबे समय से रिलेशन में हैं. दोनों की शादी के कयास भी लंबे समय से चल रहे थे, लेकिन शायद मंधाना ने अपने प्रोफेशनल करियर में बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बाद शादी के बारे में सोचा था. भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहला विश्व कप खिताब जीता था. विश्व कप में मंधाना का भी अहम योगदान रहा था. विश्व विजेता बनने के बाद उन्होंने शादी का फैसला लिया. मंधाना-मुच्छल की शादी में सिनेमा, राजनीति, व्यापार और क्रिकेट के दिग्गज हस्तियों के पहुंचने की उम्मीद है.