दमोह-हटा मार्ग पर बुधवार रात करीब 10:45 बजे दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक अन्य युवक भी घायल हो गया, जिसे हटा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
.
मृतकों की पहचान सुजानपुरा निवासी सुरेश लोधी(22) और रुसल्ली निवासी ड्ल्लू उर्फ डालचंद पटेल (35) के रूप में हुई है। सुरेश लोधी हटा के रतन बजरिया स्थित एनएस ज्वेलर्स की दुकान पर काम करता था और दुकान बंद होने के बाद अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान हटा-दमोह मार्ग पर मंगलम ढाबा के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर ड्ल्लू उर्फ डालचंद पटेल के साथ बन्नू (30) पिता मुकंदी काछी भी सवार था।

भीषण टक्कर से दो युवकों की मौके पर मौत
भिड़ंत इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। ड्ल्लू पटेल और सुरेश लोधी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों ने तत्काल डायल 112 और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सभी को हटा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर आरपी कोरी ने ड्ल्लू पटेल और सुरेश लोधी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल बन्नू काछी का इलाज हटा सिविल अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही हटा थाने से एसआई नरेंद्र तिवारी और सौरभ शर्मा सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और दोनों शवों को कब्जे में लिया। गुरुवार सुबह दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।