भारत और साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज अंतिम चरण पर पहुंच चुकी है. सीरीज का आखिरी मुकाबला 22 नवंबर से शुरू होगा. लेकिन दूसरे टेस्ट से पहले ही रोहित शर्मा और विराट कोहली के फैंस वनडे सीरीज का लुत्फ उठाने की तैयारी में जुट चुके हैं. धोनी के होमटाउन में रोहित-विराट को देखने के लिए फैंस बेताब हैं. वनडे सीरीज का पहला मुकाबला रांची में 30 नवंबर को खेला जाएगा. इस मैच की तैयारी फैंस के साथ झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन जोर-शोर से कर रही है.
JSCA के अध्यक्ष ने क्या कहा?
एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय नाथ शाह देव ने कहा कि झारखंड के फैंस मैच को लेकर बेहद उत्साहित हैं. आईएएनएस से बात करते हुए अजय नाथ शाह देव ने कहा, ‘झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों के बीच भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले मैच को लेकर रोमांच है. फैंस के लिए क्रिकेट से बड़ा कुछ भी नहीं है. हमारी खुशकिस्मती है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली भी इस मैच का हिस्सा हैं. हम इस मैच के सफल आयोजन को लेकर कड़ी मेहनत कर रहे हैं.’
होस्ट रहेंगे एमएस धोनी
रांची पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी का गृह नगर है. ऐसे में वह मैच के दौरान स्टेडियम में रहेंगे या नहीं, इस पर अजय नाथ शाह देव ने कहा कि धोनी भी झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन का हिस्सा हैं. वह भी हमारी तरह इस मैच के लिए होस्ट की भूमिका में रहेंगे. अगर वह मैच के दिन रांची में रहेंगे, तो निश्चित रूप से मैच देखने आएंगे. भारतीय क्रिकेट टीम 2013 से 2022 के बीच रांची में 10 वनडे खेल चुकी है जिसमें 6 मैचों में उसे जीत मिली है.
ये भी पढ़ें.. IND vs SA: साई सुदर्शन नहीं.. नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने उतरेगा ये धुरंधर, कोच ने इशारे से सुलझाई गुत्थी
रांची में अफ्रीका जीत चुकी है मैच
टीम इंडिया रांची में दक्षिण अफ्रीका को हरा चुकी है. दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम 2 टेस्ट, 3 वनडे और 5 टी20 मैचों की सीरीज के लिए भारत दौरे पर है. पहला टेस्ट कोलकाता में खेला गया था जिसमें भारत को हार का सामना करना पड़ा था. दूसरा टेस्ट 22 नवंबर को गुवाहाटी में खेला जाएगा. टेस्ट सीरीज के बाद वनडे सीरीज खेली जाएगी. 30 नवंबर के बाद दूसरा वनडे 2 दिसंबर को रायपुर में और तीसरा वनडे 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा. इसके बाद दिसंबर के महीने में दोनों टीमें टी20 सीरीज में टक्कर देंगी.