मंडला में दो गुटों में झड़प, दो गंभीर घायल
मंडला जिले के टिकरिया थाना क्षेत्र में बुधवार रात पुरानी रंजिश के चलते दो गुटों में विवाद हो गया। खेत से ट्रैक्टर ले जाने की बात पर शुरू हुए इस विवाद में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
.
आरोप है कि नारायण यादव और उसके साथियों ने राजेश यादव और संतोष यादव पर लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से हमला किया। इस हमले में राजेश यादव (39 वर्ष) और संतोष यादव (42 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। संतोष यादव बेहोश बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया गया।
घटना से नाराज परिजनों ने नेशनल हाईवे-30 पर धरना देकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर टिकरिया पुलिस, नारायणगंज तहसीलदार, एसडीओपी निवास और बीजाडांडी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद दो घंटे से अधिक समय तक चला जाम देर रात समाप्त कराया गया।
एसडीओपी पीएस वालरे ने बताया कि राजेश यादव की शिकायत पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ टिकरिया थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 109(2), 351, 190, 191(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन आरोपियों में नारायण प्रसाद (41 वर्ष), जनक लाल (40 वर्ष), परशुराम (40 वर्ष), संजय (26 वर्ष), मानक लाल (45 वर्ष) और प्रदीप (21 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने इनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।