मंडला जिले में गुरुवार को पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा का शुभारंभ किया गया। इस सेवा के तहत अब जबलपुर और बांधवगढ़ के लिए सप्ताह में पांच दिन नियमित हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध होगी। खटिया हेलीपैड को क्लीयरेंस न मिलने के कारण फिलहाल इसका संचालन मंडला की ग्वार
.
सेवा के पहले आगमन पर गुरुवार को ग्वारा हवाई पट्टी पर मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लोगों को जॉय राइड कराई जानी थी, लेकिन एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से क्लीयरेंस न मिलने के कारण हेलीकॉप्टर कुछ मिनट रुककर ही लौट गया और जॉय राइड नहीं हो सकी।
शुभारंभ के अवसर पर कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने इस सेवा को सस्ता और उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि इससे कान्हा आने वाले पर्यटकों का समय बचेगा और स्थानीय लोग भी इसका लाभ उठा सकेंगे।
मंत्री ने जानकारी दी कि ग्वारा हवाई पट्टी के विकास के लिए 6 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यहां से उड़ान योजना के तहत नियमित हवाई सेवा भी शुरू की जाएगी। साथ ही, कान्हा के आसपास नए हेलीपैड के लिए स्थान चयन का काम भी जारी है।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने कहा कि हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने से जिले में पर्यटन को नई गति मिलेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि सड़क और रेल सुविधा पहले से उपलब्ध है, और अब हवाई सेवा से आपात स्थितियों में भी लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा।

