संन्यास की उम्र में मुश्फिकुर ने रचा इतिहास, 100वें टेस्ट में बनाया महारिकॉर्ड

संन्यास की उम्र में मुश्फिकुर ने रचा इतिहास, 100वें टेस्ट में बनाया महारिकॉर्ड


Last Updated:

Mushfiqur Rahim Century in 100th Test BAN vs IRE: बांग्लादेश के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज और पूर्व कप्तान मुश्फिकुर रहीम ने अपने 100वें मुकाबले में ऐतिहासिक पारी खेली. बांग्लादेश और आयरलैंड के बीच ढाका में जारी दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन रहीम ने शतक पूरा किया और इसी के साथ उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. एक ऐसा रिकॉर्ड जो सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने वाले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा शतक ठोकने वाले विराट कोहली भी नहीं बना पाए. आइए जानते हैं मुश्फिकुर ने अपने 100वें टेस्ट में क्या खास किया…

शेर ए बांग्ला नेशनल स्टेडियम में पहले दिन बल्लेबाजी करते हुए मुश्फिकुर रहीम 99 रन पर नाबाद लौटे थे. दूसरे दिन के खेल की शुरुआत में उन्होंने जॉर्डन नील की गेंद पर सिंगल लेकर सेंचुरी पूरी की. इसी के साथ वह दुनिया के उन चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हो गए, जिन्होंने अपने 100वें टेस्ट मैच में सैकड़ा लगाया.

मुश्फिकुर रहीम 100वें टेस्ट मैच में शतक ठोकने वाले 148 साल के टेस्ट इतिहास के सिर्फ 11वें बल्लेबाज हैं. वहीं, बांग्लादेश के लिए किसी बल्लेबाज ने पहली बार 100 टेस्ट मैच खेले और 100वें मैच में शतक बनाने का कमाल किया. मुश्फिकुर रहीम ने 214 गेंदों में 106 रन की पारी खेली, जिसमें 5 चौके शामिल रहे.

मुश्फिकुर से पहले 100वें टेस्ट मैच में शतक का करिश्मा 10 बल्लेबाजों ने किया है. 1968 में इंग्लैंड के कॉलिन कॉड्रे ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज बने. इसके बाद पाकिस्तान के जावेद मियांदाद, वेस्टइंडीज के गॉर्डन ग्रीनिज, इंग्लैंड के एलेक स्टीवर्ट, पाकिस्तान के इंजमाम उल हक, ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग, साउथ अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ, साउथ अफ्रीका के हाशिम अमला, इंग्लैंड के जो रूट और ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर ने इस उपलब्धि को नाम कर अपने टेस्ट करियर में चार चांद लगाए.

Add News18 as
Preferred Source on Google

38 साल की उम्र तक आते-आते क्रिकेटर्स संन्यास का मन बना लेते हैं, लेकिन मुश्फिकुर रहीम इतिहास पर इतिहास लिखे जा रहे हैं. वह बांग्लादेश के लिए 100 टेस्ट खेलने वाले भी पहले खिलाड़ी बने. इस खास मौके को उन्होंने शतक जड़कर ऐतिहासिक और यादगार बना दिया. बात करें मुश्फिकुर रहीम के इंटरनेशनल करियर की तो वह 20 साल से बांग्लादेश के लिए खेल रहे हैं.

9 मई, 1987 को जन्मे मुश्फिकुर ने 2005 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर टेस्ट डेब्यू किया. इसके अगले साल उन्होंने वनडे और टी20 फॉर्मेट में कदम रखा. उनका टेस्ट करियर देखें तो 100 टेस्ट मैचों की 183 पारियों में 6457 रन बनाए हैं. 219 रन उनका बेस्ट स्कोर है.

38.21 के एवरेज और 48.42 के स्ट्राइक रेट से टेस्ट में मुश्फिकुर 13 शतक, तीन दोहरे शतक और 27 अर्धशतक बना चुके हैं. 274 वनडे मैचों में मुश्फिकुर ने 7795 रन और 102 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 1500 रन बनाए हैं. वनडे में उनके नाम 9 शतक और 49 अर्धशतक दर्ज हैं.

homesports

संन्यास की उम्र में मुश्फिकुर ने रचा इतिहास, 100वें टेस्ट में बनाया महारिकॉर्ड



Source link