Asia Cup Rising Stars 2025: क्रिकेट दुनिया में भारत और पाकिस्तान के मुकाबले से बड़ा रोमांच शायद ही कोई हो. हर बार जब यह संभावना बनती है कि दोनों टीमें किसी बड़े टूर्नामेंट के फाइनल में आमने-सामने आ सकती हैं, तो माहौल अपने आप ही गर्म हो जाता है. एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 में एक बार फिर ऐसा ही मौका बन रहा है. लीग स्टेज खत्म होने के बाद सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो चुकी है. 4 टीमों भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश सेमीफाइनल में एंट्री कर चुकी हैं. अब हालात ऐसे हैं कि भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों के फाइनल तक पहुंचने की पूरी संभावना है. आइए जानते हैं कैसे…
दोहा में खेले जा रहे एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 में सभी देशों की छोटी टीमें हिस्सा ले रही हैं. सीनियर टीमों के भी कुछ खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं. ग्रुप ए बांग्लादेश और श्रीलंका सेमीफाइनल में पहुची हैं, जबकि ग्रुप बी से भारत और पाकिस्तान ने जगह बनाई है.
कब होंगे सेमीफाइनल मुकाबले?
21 नवंबर को भारत और बांग्लादेश के बीच पहला सेमीफाइनल दोपहर 3 बजे से शुरू होगा. वहीं पाकिस्तान की टीम रात 8 बजे से श्रीलंका के खिलाफ दूसरा सेमीफाइनल खेलेगी. इन मैचों में जीतने वाली टीमें फाइनल में एंट्री करेंगी. यह दोनों ही मुकाबले हाई-इंटेंसिटी होने वाले हैं, क्योंकि पाकिस्तान शानदार फॉर्म में है.
भारत-पाकिस्तान के बीच कैसे फाइनल हो सकता है?
फाइनल का समीकरण ये है कि अगर भारत और पाकिस्तान दोनों ही सेमीफाइनल का मुकालबा जीत लेती हैं तो फाइनल में एंट्री कर जाएंगी, लेकिन अगर कोई एक टीम भी हारी तो फिर भारत-पाकिस्तान के बीच खिताबी जंग नहीं होगी. फैंस को पूरी उम्मीद है कि 24 नवंबर को होने वाले फाइनल में दोनों टीमें आमने-सामने हों, क्योंकि जब भी भारत और पाकिस्तान भिड़ते हैं, क्रिकेट का रोमांच अपने चरम पर पहुंच जाता है. इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया की कमान जितेश शर्मा के हाथों में है, जबकि पाकिस्तान टीम को इरफान लीड कर रहे हैं.
भारत खिताब से सिर्फ दो कदम दूर है
टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में खिताब से सिर्फ 2 कदम दूर है. अगर उसने सेमीफाइनल में बांग्लादेश और फिर फाइनल में आने वाली टीम को हरा दिया तो एक और खिताब देश की झोली में होगा.
ये भी पढ़ें: अद्भुत कारनामा…100वें टेस्ट में शतक ठोक हिलाई रिकॉर्डबुक, इन 11 बल्लेबाजों के कमाल से दुनिया हैरान