आरोपियों को कोर्ट पेश करने ले जाती हुई पुलिस।
सागर के शाहपुर क्षेत्र में बंद घर से सोयाबीन और गेहूं चोरी करने के मामले में पुलिस ने जीजा-साले को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से चोरी का अनाज और नकद जब्त हुआ है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
.
शाहपुर निवासी श्रीराम लोधी ने पुलिस चौकी में शिकायत की थी कि उनके घर में ताला लगा था। इसी दौरान अज्ञात चोर ताला तोड़कर घर में रखी सोयाबीन और गेहूं की उपज चोरी कर ले गए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सुराग मिले तो संदेही को हिरासत में लिया
तफ्तीश के लिए पुलिस टीम लगाई गई। जांच के दौरान संदेहियों के बारे में कुछ सुराग मिले। इसके आधार पर पुलिस ने गढ़ाकोटा निवासी राहुल पिता राजकुमार पटेल को हिरासत में लिया और थाने लाकर पूछताछ की।
जीजा के साथ मिलकर की थी चोरी
पूछताछ में राहुल ने माना कि उसने अपने जीजा भगवत लोधी और एक अन्य साथी के साथ मिलकर घर में चोरी की। तीनों सोयाबीन और गेहूं उठाकर भाग गए थे। नाम सामने आने पर पुलिस ने मझगुंवा में दबिश दी और भगवत उर्फ मुंडे लोधी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से चोरी में गया अनाज और नकद जब्त किया गया।
आरोपी जेल भेजे गए
शाहपुर चौकी प्रभारी अशोक उपाध्याय ने बताया कि चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी में गया अनाज व नकद जब्त किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया है।