AUS vs ENG: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच इतिहास की सबसे बड़ी राइवलरी एशेज का आगाज हो चुका है. पहले ही दिन दोनों टीमों के इस महारण में रोमांच का ट्रिपल डोज देखने को मिला. पहले ही दिन गेंदबाजों का ऐसा कहर देखने को मिला कि बल्लेबाज दहशत में आ चुके हैं. पर्थ की पिच मानों बल्लेबाजों के लिए कब्रगाह साबित हुई. ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दोनों ही टीमों के गेंदबाज कहर बरपाते नजर आए. इंग्लैंड ने मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था.
172 रन पर सिमटा इंग्लैंड
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिचेल स्टार्क की रफ्तार के आगे इंग्लैंड की बैजबॉल का जादू फेल साबित हुआ. मिचेल स्टार्क ने 4 या 5 नहीं बल्कि अकेले 7 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया. इंग्लिश टीम की तरफ से ओली पोप ने 46 रन, हैरी ब्रूक ने 52 जबकि जेमी स्मिथ ने 33 रन की पारी खेलकर टीम के स्कोर को 172 तक पहुंचा दिया. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी भी कुछ खास नजर नहीं आई.
123 रन पर 9 विकेट खोए
ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों के लिए भी पर्थ की पिच कब्रगाह साबित हुई. टीम ताश के पत्तों की तरह बिखरती दिखी. ट्रेविस हेड, लाबुशेन, स्टीव स्मिथ जैसे बड़े नाम भी कुछ खास नहीं कर पाए. टीम ने ओपनिंग डे में 123 के स्कोर पर 9 विकेट खो दिए हैं. पहले ही दिन पर्थ की पिच पर 19 विकेट गिरे जिससे 100 साल के इतिहास ने करवट ले ली. एशेज में यह 100 सालों में पहली बार हुआ है. बेन स्कोक्स ने 5 विकेट अपने नाम किए जबकि जोफ्रा आर्चर और ब्रेडन कॉर्स ने 2-2 विकेट झटके.
ये भी पढे़ं… पाकिस्तान में जिम्बाब्वे का हाहाकार… कप्तान बना जीत का ‘सिकंदर’, वन मैन शो से ढहाई ‘लंका’
रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन
पिछले 100 सालों में ओपनिंग डे में पहली बार 19 विकेट गए हैं.साल 2001 में एशेज सीरीज में पहले दिन 17 विकेट गिरे थे. लॉर्ड्स 2005 में भी इस सीरीज के दौरान 17 विकेट गए थे. लेकिन अब 19 विकेट का ये ओपनिंग डे इतिहास के पन्नों में दर्ज हो चुका है. पर्थ के मैदान पर भी बड़ा रिकॉर्ड कायम हुआ. इस स्टेडियम पर खेले गए टेस्ट में पहले दिन 17 और 15 विकेटों का रिकॉर्ड था, लेकिन अब 19 विकेटों का ये ओपनिंग डे नंबर-1 पर आ गया है.