Rare record in Ashes: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाली एशेज सीरीज हमेशा ही रोमांच लेकर आती है. 21 नवंबर से ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर इसका आगाज हुआ है. पहला टेस्ट पर्थ में खेला जा रहा है. पहले ही दिन कुछ ऐसा हुआ, जिसने सभी को चौंका दिया. पहले ऑस्ट्रेलिया के स्टार बॉलर मिचेल स्टार्क बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे और 7 विकेट लेकर इंग्लैंड को 172 रनों पर समेट दिया. फिर इंग्लिश बॉलर्स ने भी जलवा दिखाया और ऑस्ट्रेलिया को शुरुआती झटके दिए. इस दौरान एक ऐसा अनोखा रिकॉर्ड बन गया, जो इस सीरीज के 143 में कभी नहीं हुआ था. ये रिकॉर्ड एक ‘दाग’ की तरह है, जो ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दोनों पर एक साथ लगा है. आइए जानते हैं क्या है ये कमाल, जिसकी किसी ने कल्पना तक नहीं की थी.
एशेज के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा
एशेज एक ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज है. जिस पर पूरी दुनिया की नजर होती है. इसका इतिहास 143 साल पुराना है. 1882 से अब तक कभी ऐसा नहीं हुआ था कि दोनों टीमों की पहली पारी में पहला विकेट बिना रन बनाए गिरा हो, लेकिन पर्थ में यह अद्भुत कमाल हो गया. पर्थ की पिच पर यह दुर्लभ सी लगने वाली घटना हकीकत में बदल गई. इंग्लैंड के ओपनर जैक क्राउली बिना खाला खोले आउट हुए थे. फिर ऑस्ट्रेलिया की तरफ से जेक वेदराल्ड जीरो के स्कोर पर चलते बने. इस तरह दोनों टीमों का पहला विकेट टीम का खाता खुले बिना गिर गया. इस पर फैंस को यकीन नहीं हो रहा है.
पर्थ में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड टीम शुरुआत से ही दबाव मे दिखी. पहले ही ओवर में मिचेल स्टार्क ने जैक क्रॉली को आउट करके अंग्रेजों को बड़ा झटका दिया था. क्रॉली ने ड्राइव का प्रयास किया, लेकिन गेंद बल्ले का किनारा लेकर स्लिप पर उस्मान ख्वाजा के हाथों में चली गई. इसके बाद स्टार्क कहर बनकर टूटे और 7 विकेट लेकर उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए कमाल की बॉलिंग का नजारा पेश किया.
आर्चर ने पहले ही ओवर में दिया झटका
इंग्लैंड की शुरुआत खराब थी तो ऑस्ट्रेलिया की भी कुछ बेहतर नहीं रही. इंग्लैंड के स्टार बॉलर जोफ्रा आर्चर ने पहले ही ओवर में जेक वेदराल्ड को LBW किया. पहले अंपायर ने उन्हें नॉट आउट दिया, लेकिन बेन स्टोक्स के DRS लेने के फैसले ने परिणाम बदल दिया. ऑस्ट्रेलिया भी 31 रनों पर पहले 4 विकेट खो चुकी है. पर्थ की पिच पर तेज गेंदबाजों की कहर दिख रहा है.
स्टार्क ने बनाया बड़ा माइलस्टोन
मिचेल स्टार्क ने अपनी शानदार गेंदबाज़ी से इंग्लैंड को सिर्फ 172 रन पर ऑल आउट कर दिया. उन्होंने इस इनिंग्स में 7 विकेट चटकाए, जो उनके टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. इसी स्पेल के दौरान स्टार्क ने एशेज में अपने 100 विकेट पूरे किए और ऐसा करने वाले पहले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बन गए. वह अब इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले 21वें गेंदबाज हैं. अब इंग्लैंड के बॉलर्स की बारी है.
मैच का लेखा जोखा…
अगर मुकाबले की बात करें तो पहले दिन का तीसरा यानी आखिरी सेशन चल रहा है. खबर लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलिया की पारी में 29 ओवरों का खेल हो चुका है. स्कोर 4 विकेट पर 76 रन है. इंग्लैंड के लिए दो विकेट आर्चर और दो विकेट ब्रायन कार्स ले चुके हैं. अभी कंगारू टीम 96 रन पीछे चल रही है.
ये भी पढ़ें: W W W W W W W: मिचेल स्टार्क के लिए सुनहरी याद बन गई 21 नवंबर की तारीख, 14 साल में पहली बार किया ये कमाल