Last Updated:
Jabalpur Mission School News: जबलपुर के मिशन स्कूल में एक शिक्षक पर छात्र को पीटने का आरोप है. पुलिस से शिकायत में अभिभावक और हिंदू संगठन ने आरोप लगाया कि शिक्षक ने छात्र को इसलिए पीटा, क्योंकि उसने जय श्रीराम बोला. जानें पूरा मामला…
रिपोर्ट: पवन पटेल
Jabalpur News: शहर के पाटन थाना अंतर्गत मिस्पा मिशन स्कूल में एक छात्र की सिर्फ इसलिए पिटाई की गई, क्योंकि उसने गार्ड को ‘जय श्रीराम’ बोल दिया. घटना के अनुसार, आठवीं का छात्र प्रबल सिंह राठौड़ शुक्रवार सुबह स्कूल गेट पर पहुंचा तो उसने सिक्योरिटी गार्ड को “जय श्री राम” कहा, क्योंकि गार्ड का उस दिन जन्मदिन था. आरोप है कि वहां मौजूद शिक्षक राजेश भंडारे ने इतना सुनते ही छात्र को पीट दिया. शिक्षक ने छात्र को फटकार लगाते हुए कहा, स्कूल में “गुड मॉर्निंग” बोलकर प्रवेश किया करो.
इस घटना के बाद छात्र के परिजन और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शनिवार सुबह थाने पहुंचकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की. परिजन देवेंद्र राठौड़ ने कहा, हमारा बच्चा प्रबल (13 वर्ष) हिंदू संस्कृति के प्रति समर्पित है और रोजाना स्कूल जाते-आते समय बड़ों को “जय श्री राम” या “जय राम जी की” कहकर अभिवादन करता है. शुक्रवार सुबह स्कूल पहुंचते ही गार्ड से अभिवादन किया, तो पास खड़े शिक्षक राजेश भंडारे ने उसे रोका, सवाल-जवाब किए और हाथापाई की. छात्र को चोटें आईं. वह रोते हुए घर लौटा.
स्कूल के घेराव की चेतावनी
घर पहुंचकर पूरे वाकये की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार ने हिंदू संगठनों से संपर्क किया. शनिवार सुबह परिजन, स्थानीय हिंदू संगठनों के सदस्य और कार्यकर्ता पाटन थाने पहुंचे. उन्होंने लिखित शिकायत सौंपी और स्कूल प्रबंधन पर धार्मिक असहिष्णुता का आरोप लगाया. कार्यकर्ताओं ने स्कूल का घेराव करने की चेतावनी भी दी.
बस डांटा, पीटा नहीं…!
स्कूल प्राचार्य अनिल दुबे ने सफाई देते हुए कहा कि शिक्षक ने छात्र के “गलत तरीके” पर आपत्ति जताई थी. “स्कूल में सभी स्टाफ और छात्र हिंदू हैं. हिंदू संस्कृति पर कोई आपत्ति नहीं, लेकिन अभिवादन का तरीका अनुचित था, इसलिए डांटा गया. कोई पिटाई नहीं हुई,” उन्होंने दावा किया.
निष्पक्ष जांच होगी
पुलिस ने शिकायत दर्ज ली है और जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी गोपेंद्र सिंह राजपूत ने बताया, “घटना की प्रारंभिक जांच चल रही है. छात्र का बयान, गवाहों के बयान और स्कूल की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी. दोनों पक्षों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया गया है.”
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म… और पढ़ें