रायसेन कोतवाली पुलिस ने जमीन विवाद में अपने ही रिश्तेदार पर ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या का प्रयास करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को हुई इस कार्रवाई में शंकरलाल उपाध्याय और पुष्कर उपाध्याय को पकड़ा गया।
.
घटना 11 नवंबर को हुई थी पाटनदेव निवासी रेखाबाई उपाध्याय ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुरानी रंजिश के चलते आरोपी शंकरलाल उपाध्याय, पुष्कर उपाध्याय, जीवन उपाध्याय, राजा शर्मा और पांच अन्य महिलाओं ने उन्हें व उनके परिवार के सदस्यों योगराज उपाध्याय, हेमंत उपाध्याय, तेवेन्द्र उपाध्याय और देवीप्रसाद उपाध्याय को गंदी गंदी गालियां दीं और लाठी व फरसे से मारपीट की।
मारपीट के दौरान आरोपी पुष्कर उपाध्याय ने अपने ट्रैक्टर से योगराज उपाध्याय को टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद उसने जान से मारने की नीयत से दो बार ट्रैक्टर योगराज के ऊपर चढ़ा दिया, जिससे उन्हें कमर और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं।
रेखाबाई की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 333, 351(3), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान योगराज उपाध्याय के बयान के बाद प्रकरण में जान से मारने की नीयत को देखते हुए धारा 109(1) बीएनएस का भी इजाफा किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देश पर एसडीओपी शर्मा और थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र गोयल के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने घटना स्थल के आसपास और मुखबिरों की सूचना के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश शुरू की। आज मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी शंकरलाल उपाध्याय और पुष्कर उपाध्याय गोपालपुर में हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने गोपालपुर पहुंचकर दोनों आरोपियों, 32 वर्षीय पुष्कर पिता शंकरलाल उपाध्याय और 70 वर्षीय शंकरलाल पिता खुशीलाल उपाध्याय (दोनों निवासी वार्ड 13 अशोक नगर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर और एक लकड़ी का डंडा भी जब्त किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।