मंदसौर जिले के सुवासरा थाना क्षेत्र के बसई गांव में ट्रैक्टर चोरी के प्रयास के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। शनिवार शाम मंदसौर जिले के तीन थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने कंजर डेरों पर दबिश दी।
.
इस अभियान में सीतामऊ, सुवासरा और शामगढ़ थानों का पुलिस बल शामिल था। एसडीओपी दिनेश प्रजापति ने कार्रवाई का नेतृत्व किया, जबकि सीतामऊ थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति सहित तीनों थानों के अधिकारी और जवान मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात हथियारबंद बदमाश एक क्रेशर मशीन पर खड़े ट्रैक्टर को चुराने पहुंचे थे। ग्रामीणों के जागने पर बदमाशों ने उन्हें डराने के लिए हवाई फायरिंग की और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए।
चंबल नदी से सटे इस क्षेत्र में पहले भी चोरी, लूट और वाहन चोरी की कई वारदातें हुई हैं। इन घटनाओं में अक्सर कंजर गिरोह पर संदेह जताया जाता रहा है। बढ़ती आपराधिक वारदातों के मद्देनजर पुलिस ने इस बार सख्त कार्रवाई का फैसला किया।
पुलिस टीमें मोटरसाइकिलों से जंगल क्षेत्रों तक पहुंचीं और योजनाबद्ध तरीके से कंजर डेरों की घेराबंदी की। सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया, जिसका उद्देश्य जंगल की ओर भागने वाले संदिग्धों पर ऊपर से निगरानी रखना था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कंजर गिरोह अक्सर पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही जंगलों में भाग जाते हैं और महिलाओं को ढाल बनाने की कोशिश करते हैं। इसी वजह से इस बार तकनीकी और रणनीतिक रूप से विशेष तैयारी के साथ दबिश दी गई। एक घंटे से अधिक चले इस अभियान में कई संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली गई।