मऊगंज जिले की हनुमना तहसील क्षेत्र में कंप्यूटरीकृत खसरा रिकॉर्ड में अवैध बदलाव करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। SDM हनुमना द्वारा भेजे गए पत्र के आधार पर पुलिस ने सात लोगों पर BNS 2023 की गंभीर धाराओं 318(4), 322, 337 और 338 के तहत FIR दर्ज
.
यह है पूरा मामला
एडिशनल SP ने बताया कि नायब तहसीलदार बुद्धसेन मांझी ने हनुमना थाने में पहुंचकर SDM कार्यालय से जारी पत्र क्रमांक 374/प्रवा/2025 दिनांक 14 नवंबर 2025 की प्रति प्रस्तुत की। इस पत्र में बताया गया है कि ग्राम कोलहा (पटवारी हल्का धौसड़, राजस्व निरीक्षक मंडल पहाड़ी) की आराजी नंबर 353, रकवा 0.170 हेक्टेयर में वर्ष 2007-08 से 2009-10 के दौरान खसरा रिकॉर्ड में अवैध रूप से प्रविष्टियों में परिवर्तन किए गए।
यह मामला हाई कोर्ट जबलपुर के आदेश (WPNO 10521/2011, निर्णय 11 फरवरी 2013) के बाद सामने आया था। अदालत ने इस प्रकरण में विभागीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जांच में स्पष्ट हुआ कि संबंधित व्यक्तियों ने धोखाधड़ी, छल, बेईमानी और कूटरचना कर सरकारी राजस्व अभिलेखों में बदलाव किया।
इन 7 लोगों पर FIR
SDM ने इसे गंभीर आपराधिक कृत्य मानते हुए पुलिस को विधि अनुसार FIR दर्ज कर कार्रवाई करने का आदेश दिया। जिन सात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, वे हैं— रवीन्द्र पिता स्वामीशरण (पैतिहा, प्रयागराज, उ.प्र.), भगोले पिता रामदास नाई (कोलहा), गल्होरे पिता भगोले (कोलहा), लछिमन पिता भगोले (कोलहा), मिथिला प्रसाद पिता सुमंतराम (पूर्व पेशकार, तहसील हनुमना), यशोदानंदन दीपांकर (तत्कालीन पटवारी, हर्दिहाई) और चन्द्रसेन पटेल उर्फ C.S. पटेल (तत्कालीन कंप्यूटर ऑपरेटर, तहसील हनुमना)।
SDM ने पुलिस से कहा है कि दर्ज प्रकरण की निष्पक्ष और विधिसंगत जांच तेजी से की जाए और कार्रवाई की जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। पत्र की प्रतियां कलेक्टर,एसपी और SDOP मऊगंज को भी भेजी गई हैं। मामला अब पुलिस जांच में है और आगे की कानूनी कार्रवाई जल्द शुरू होगी।