निवाड़ी जिले की धार्मिक नगरी ओरछा में श्रीराम विवाह पंचमी महोत्सव के तहत कंचना घाट पर दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान सवा लाख दीप प्रज्वलित किए गए, जिसमें जनप्रतिनिधियों और हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
.
ओरछा के कंचना घाट पर रविवार शाम जिला प्रशासन के आयोजित इस दीपोत्सव कार्यक्रम में पहले मां बेतवा की आरती की गई। इसके बाद सवा लाख दीपों का प्रज्जवलन किया गया।
बेतवा नदी का किनारा प्रकाश से जगमगा उठा
हजारों हाथों द्वारा एक साथ दीप प्रज्वलित किए जाने से कंचना घाट और बेतवा नदी का किनारा प्रकाश से जगमगा उठा। नदी की लहरों में दीपों का प्रतिबिंब एक मनोरम दृश्य प्रस्तुत कर रहा था।
बेतवा नदी का किनारा प्रकाश से जगमगा उठा।
मां बेतवा की आरती की गई
दीपोत्सव में विधायक अनिल जैन, सांसद प्रतिनिधि राजेश पटेरिया, नगर परिषद अध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपूत सहित स्थानीय पार्षद और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने मां बेतवा की आरती कर जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस आयोजन में स्थानीय नागरिक, स्वयंसेवी संस्थाएं, युवा समूह और देश-विदेश से आए पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंचे। सभी ने मिलकर दीप जलाए और भगवान श्रीराम-जानकी के विवाह उत्सव का स्वागत किया।
श्रीराम विवाह महोत्सव ओरछा की सांस्कृतिक पहचान
कलेक्टर जमुना भिडे ने कहा कि श्रीराम विवाह महोत्सव ओरछा की सांस्कृतिक पहचान है। प्रशासन ने पूरी तैयारी के साथ दीपोत्सव का आयोजन किया, जिसे लोगों की भागीदारी और श्रद्धा ने भव्य बना दिया। उन्होंने यह भी कहा कि हर वर्ष इस आयोजन को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।

कलेक्टर जमुना भिडे अपने परिवार सहित कार्यक्रम में उपस्थित रहीं। उनके साथ एसपी डॉ. राय सिंह नरवरिया, सीईओ जिला पंचायत रोहन सक्सेना, एएसपी ज्योति ठाकुर, एसडीएम मनीषा जैन, तहसीलदार, सीईओ जनपद पंचायत, सीएमओ सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इन अधिकारियों ने दीप जलाकर प्रदेश में शांति और विकास की कामना की।