शराब माफियाओं ने जमीन में ड्रम गाड़े हुए थे।
गुना जिले के मृगवास इलाके में पुलिस ने अवैध शराब बनाने वालों पर बड़ी कार्रवाई की है। सानई के खेरबेह तालाब के पास पुलिस ने छापा मारकर करीब 1000 लीटर ‘लाहन’ (कच्ची शराब बनाने की सामग्री) नष्ट किया। पुलिस को मौके पर जमीन के अंदर गाड़कर रखे गए ड्रम मिले,
.
मृगवास पुलिस ने बताया कि एसपी अंकित सोनी के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार और नशा माफियाओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एएसपी मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन और एसडीओपी चांचौड़ा मनोज कुमार झा की देखरेख में मृगवास थाना प्रभारी एसआई गोपाल चौबे की टीम ने यह कार्रवाई की है।
तालाब किनारे शराब बनाने की मिली थी सूचना पुलिस को सूचना मिली थी कि मृगवास थानांतर्गत सानई के खेरबेह तालाब के पास कुछ लोग अवैध शराब बना रहे हैं। सूचना मिलते ही सानई पुलिस चौकी प्रभारी नीरज लोधी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचकर देखा तो मौके पर कोई व्यक्ति नहीं मिला।
पुलिस ने लाहन को नष्ट कर दिया।
जमीन में 5 फीट गहरे गड़े थे ड्रम पुलिस ने जब आसपास सर्चिंग की, तो वहां टंकियों और ड्रमों में शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 1000 लीटर लाहन मिला। माफियाओं ने पुलिस से बचने के लिए कुछ ड्रम जमीन के अंदर भी गाड़कर रखे थे। ये ड्रम जमीन में पांच फीट गहराई तक गड़े हुए थे। पुलिस ने जब इन्हें बाहर निकाला, तो उनमें भी लाहन भरा हुआ पाया गया।

पुलिस ने शराब बनाने का सामान भी जब्त किया।
मौके पर ही नष्ट की सामग्री, आरोपियों की तलाश पुलिस फोर्स ने मौके पर मिले लाहन को वहीं नष्ट कर दिया। पुलिस अब अवैध शराब निर्माण में संलिप्त माफियाओं की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका अवैध शराब के विरुद्ध इस कार्रवाई में मृगवास थाना प्रभारी एसआई गोपाल चौबे, सानई चौकी प्रभारी एसआई नीरज लोधी, एएसआई राजेश कुमार भिलाला, आरक्षक सोहन अनारे, नीरज धाकड़, राहुल बघेल, सैनिक रोडूलाल और स्थानीय नगर रक्षा समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।