टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम का प्रदर्शन लगातार गिरता जा रहा है और उसे अपने सबसे बड़े मैच विनर तेज गेंदबाज की कमी खली रही है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की मौजूदा टेस्ट सीरीज में अभी तक टीम इंडिया की बल्लेबाजी और गेंदबाजी बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई हैं. कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारत को 30 रन से हार का सामना करना पड़ा था. वहीं, गुवाहाटी में जारी दूसरे टेस्ट मैच में भी भारतीय गेंदबाजों का खराब प्रदर्शन देखने को मिला है. गुवाहाटी टेस्ट की पहली पारी में भारत की कमजोर गेंदबाजी का फायदा उठाते हुए साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों ने 489 रन का स्कोर खड़ा कर दिया है.
भारत को टेस्ट में खल रही इस मैच विनर गेंदबाज की कमी
भारतीय टीम मैनेजमेंट ने एक तेज गेंदबाज को टेस्ट टीम से बाहर रखकर अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी मारने का काम किया है. हेड कोच गौतम गंभीर और चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं. मोहम्मद शमी को अगर टेस्ट टीम में चुना जाता है तो इससे तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को जबरदस्त सपोर्ट मिलेगा. साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की इस मौजूदा टेस्ट सीरीज में मोहम्मद शमी को मौका दिया जा सकता था, लेकिन भारतीय टीम मैनेजमेंट ने प्रसिद्ध कृष्णा और आकाशदीप पर भरोसा दिखाया. प्रसिद्ध कृष्णा और आकाशदीप टेस्ट स्क्वाड में शामिल जरूर थे, लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ दोनों ही टेस्ट मैचों में उन्हें भी टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली.
गंभीर-अगरकर ने टीम से बाहर कर किया तगड़ा ब्लंडर
मोहम्मद शमी अगर साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस दो मैचों की टेस्ट सीरीज में खेलते तो टीम इंडिया की गेंदबाजी बहुत मजबूत होती. मोहम्मद शमी ने हमेशा से ही टेस्ट क्रिकेट खेलते हुए अपने बेहतरीन प्रदर्शन से चर्चा लूटी है. मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह की जोड़ी साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों के लिए काल बन जाती. मोहम्मद शमी ने भारत के लिए अभी तक 64 टेस्ट मैचों में 229 विकेट हासिल किए हैं. मोहम्मद शमी इसके अलावा निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए ताबड़तोड़ अंदाज में छक्के भी जड़ते हैं.
भारत की धरती पर 76 विकेट चटकाए
मोहम्मद शमी निचले क्रम में बल्लेबाजी से मैच का रुख भी पलटने में माहिर हैं. मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट में 25 छक्के ठोके हैं. मोहम्मद शमी ने भारत की धरती पर 21 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 76 विकेट चटकाए हैं. मोहम्मद शमी गेंद को तेजी के साथ हवा में मूव कराने का यूनिक टैलेंट रखते हैं. फिटनेस का हवाला देते हुए सेलेक्टर्स ने टेस्ट टीम से मोहम्मद शमी को बाहर किया हुआ है.