IND vs SA ODI Series: जिस पल का फैंस को बेसब्री से इंतजार था वो घड़ी आ चुकी है. 23 नवंबर यानी आज भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान होना है, लेकिन टीम चुनने से पहले कुछ ऐसी रिपोर्ट आई हैं, जिन्होंने खलबली मचा दी है. टीम सलेक्शन में कई बड़े बदलाव दिख सकते हैं. सेलेक्टर्स के सामने सबसे बड़ी चुनौती कप्तान चुनने की है, क्योंकि शुभमन गिल गर्दन की चोट से जूझ रहे हैं और उनका खेलना बेहद मुश्किल है. उपक्तान श्रेयस अय्यर भी फिट नहीं हैं. अब तक जो अपडेट आए हैं, उनमें ये कहा जा रहा है कि इस सीरीज से 5 स्टार खिलाड़ी बाहर हो सकते हैं.
भारत बनाम साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज से बाहर रह सकते हैं यह 5 स्टार
1. शुभमन गिल– रेगुलर कप्तान शुभमन गिल गर्दन की चोट से जूझ रहे हैं. उन्होंने मुंबई में इलाज कराया है. बताया जा रहा है कि उनकी चोट गंभीर है और वो अब इस साल एक भी मैच नहीं खेल पाएंगे.
2. श्रेयस अय्यर- भारत की वनडे टीम के उप-कप्तान श्रेयस अय्यर भी फिटनेस समस्याओं से जूझ रहे हैं. ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्हें पेट की पसलियों में चोट आई थई, जिसके बाद उनकी सर्जरी हुई है और वह भी पूरी सीरीज से बाहर हैं, इससे टीम के सामने नया कप्तान चुनने की चुनौती है.
3. ऋषभ पंत- ऋषभ पंत का चयन मुश्किल माना जा रहा है, क्योंकि केएल राहुल को वनडे मैचों के लिए विकेटकीपर के तौर पर पहली पसंद माना जाता है. अगर मान लीजिए पंत का नंबर भी लगा तो वह बतौर बल्लेबाज खेल सकते हैं.
4. जसप्रीत बुमराह– टीम सेलेक्शन से पहले आई रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि इस सीरीज के लिए जसप्रीत बुमराह को रेस्ट दिया जाएगा. उनकी जगह अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा की वापसी हो सकती है.
5. हार्दिक पांड्या- टीम के विस्फोटक ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या का भी खेलना मुश्किल है, क्योंकि वो क्वाड्रिसेप्स की चोट के लिए रिहैब से गुजर रहे हैं. पांड्या सितंबर में एशिया कप 2025 के फाइनल से बाहर हो गए थे. उनका चयन मुश्किल है. पांड्या सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (एसएमएटी) में बड़ौदा के लिए खेलेंगे.
कौन बन सकता है कप्तान?
शुभमन गिल का खेलना मुश्किल है. ऐसे में कप्तानी के लिए दो नाम रेस में आगे हैं. पहला नाम केएल राहुल का है, जिन्होंने इससे पहले 12 वनडे में कप्तानी की है. दूसरा नाम ऋषभ पंत का है, जो इस समय टेस्ट टीम की कप्तानी कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने पिछले एक साल में एक भी वनडे नहीं खेला है, जबकि राहुल के पास कप्तानी का अनुभव ज्यादा है. इसलिए वो कप्तानी के लिए पहली पसंद माने जा रहे हैं. क्रिकबज ने अपनी रिपोर्ट में सूत्र के हवाल से बताया कि राहुल को कप्तानी दी जा सकती है, लेकिन अभी तक बीसीसीआई और चयन समिति से उन्हें कोई संकेत नहीं मिले हैं.
रोहित-विराट की वापसी लगभग तय, कहां होंगे तीनों वनडे?
साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली इस वनडे सीरीज के लिए सीनियर खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली के साथ अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा की वापसी तय मानी जा रही है. सीरीज का पहला मुकाबला रांची में 30 नवंबर को होगा, दूसरा मैच 3 दिसंबर को रायपुर में तय है, जबकि सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में रखा गया है.