Mohammed Shami returns in T20: टीम इंडिया से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को लेकर बड़ी खबर आई है. ये दिग्गज अब टी20 फॉर्मेट में जलवा दिखाएगा. उसे टीम में जगह भी मिल गई है. शमी का जलवा जिस टूर्नामेंट में दिखेगा वो सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 है. चोट से उबरने और रणजी ट्रॉफी 2025-26 में शानदार वापसी के बाद अब शमी टी20 में गर्दा उड़ाते नजर आएंगे. बंगाल टीम में शामिल किए गए शमी तेज रफ्तार, स्विंग और अनुभव के चलते इस टूर्नामेंट में टीम के लिए सबसे बड़ा हथियार माने जा रहे हैं. शमी के नाम टी20 क्रिकेट के 176 मैचों में 210 विकेट हैं.
मोहम्मद शमी ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 के पहले चरण में सिर्फ 4 मैच खेलकर 20 विकेट झटके, जो उनके दमदार फॉर्म और फिटनेस का सबूत है. उनकी गेंदबाजी की बदौलत बंगाल ने उत्तराखंड और गुजरात के खिलाफ जीत हासिल की, हालांकि उन्हें ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम में जगह नहीं मिली. इसे लेकर शमी ने कहा था कि उनका टारगेट सिर्फ फिट रहना और मैदान पर वापसी करना है, जो अब सच होते दिख रहा है.
कप्तानी करेंगे अभिमन्यु ईश्वरन
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के लिए बंगाल स्क्वाड घोषित हो चुका है और टीम की कमान अभिमन्यु ईश्वरन को सौंपी गई है. वहीं तेज गेंदबाज आकाश दीप भी टीम में शामिल किए गए हैं, जिससे गेंदबाजी यूनिट और मजबूत हो गई है. आकाशदीप भी टीम इंडिया से बाहर हैं, वो इंग्लैंड दौरे पर टीम के साथ थे.
बंगाल का पहला मैच बड़ौदा के खिलाफ
बंगाल अपने अभियान का आगाज 26 नवंबर को बड़ौदा के खिलाफ हैदराबाद में करेगा. टीम ग्रुप स्टेज में कुल 7 मैच खेलेगी और अपना आखिरी मुकाबला 8 दिसंबर को हरियाणा के खिलाफ खेलेगी. इस टूर्नामेंट के एलीट ग्रुप में कुल 30 टीमें शामिल हैं, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है. अहमदाबाद में टूर्नामेंट के मुकाबले होंगे.
ये भी पढ़ें: शुभमन की चोट ने बढ़ाई गंभीर की टेंशन, SA के खिलाफ ODI में कौन होगा कैप्टन? रेस में सबसे आगे ये खिलाड़ी