गोवा में मध्यप्रदेश में बनी फिल्म लोकमाता अहिल्याबाई का विशेष प्रीमियर हुआ।
अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) गोवा में मध्यप्रदेश में बनी दो फिल्में दिखाई गईं। यहां द सितारिस्ट- लोकमाता अहिल्याबाई का विशेष प्रीमियर हुआ। जिसे दर्शकों ने काफी सराहा।
.
अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश की सृजनात्मक क्षमता और फिल्म अनुकूल वातावरण को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया। 20 से 24 नवंबर तक आयोजित आईएफएफआई-2025 में मध्य प्रदेश से जुड़ी दो महत्वपूर्ण फिल्में ‘द सितारिस्ट’ और ‘लोकमाता अहिल्याबाई’का विशेष प्रीमियर हुआ।
जिन्हें दर्शकों और समीक्षकों ने सराहा। साथ ही प्रदेश को वैश्विक फिल्म मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाने के लिए प्रोडक्शन हाउस, अंतरराष्ट्रीय हितग्राहियों और फिल्म निर्माताओं के साथ बी2बी बैठकों का आयोजन किया गया। स्पेन फिल्म कमीशन के साथ महत्वपूर्ण विचार-विमर्श, फिल्म पॉलिसी और फिल्म फ्रेंडली इको सिस्टम पर आधारित राउंड टेबल चर्चाएं भी की गई। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव शुक्ला को सम्मानित भी किया गया।
इतिहास और विरासत को संजोये हुई हैं फिल्म अपर मुख्य सचिव शुक्ला ने बताया, आईएफएफआई में ‘द सितारिस्ट’ और ‘लोकमाता अहिल्याबाई’ का विशेष प्रीमियर होना मध्य प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। ये दोनों फिल्में हमारी सांस्कृतिक विरासत, इतिहास और कला की उस गहराई को बेहद संवेदनशील रूप से प्रस्तुत करती हैं, जो प्रदेश की पहचान है। हम लंबे समय से फिल्म निर्माण, रचनात्मक अभिव्यक्ति और नए कलाकारों को प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहर और विविध लोकेशन फिल्मकारों के लिए एक उत्कृष्ट अवसर प्रदान करती हैं। हमें प्रसन्नता है कि आईएफएफआई IFFI जैसे प्रतिष्ठित मंच पर हमारे प्रयासों को सराहा गया। यह सम्मान हमें और अधिक गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी और संवेदनशील फिल्मों को प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रेरित करता है।
गोवा में मध्यप्रदेश को सम्मानित भी किया गया।
इन्हें भी किया गया सम्मानित स्पेन कम्युनिकेशन्स (SPAN Communications) के नरेश खेत्रपाल को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि ‘द सितारिस्ट’ एक कलाकार की सादगी और समर्पण को दिखाने वाली भावनात्मक फिल्म है। निर्देशक डिंपल दुगर को उनकी एनिमेटेड फिल्म ‘लोकमाता अहिल्याबाई होलकर’ के लिए अपर मुख्य सचिव शुक्ला ने सम्मानित किया। यह फिल्म राजमाता अहिल्याबाई के न्याय, करुणा और नेतृत्व के गुणों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है।
फिल्म निर्माण पर अंतर्राष्ट्रीय संवाद: ‘डिस्कवरिंग एमपी थ्रू ए ग्लोबल लेंस आईएफएफआई में मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की स्पेन फिल्म कमीशन के साथ डिस्कवरिंग मध्य प्रदेश थ्रू ए ग्लोबल लेंस विषय पर फायर साइड चैट आयोजित हुई। इस चर्चा में अपर मुख्य सचिव शुक्ला और स्पेन फिल्म कमीशन के प्रेसिडेंट जुआन मैनुअल ने चर्चा की। इंडिया-स्पेन क्रिएटिव फिल्म कॉरिडोर-ए न्यू एरा ऑफ कॉलेब्रेशन थीम पर आयोजित इस चैट में अपर मुख्य सचिव शुक्ला ने कहा, मध्य प्रदेश में भी लोकेशनों का ऐसा अद्भुत विस्तार बिखरा है। मानो पूरा प्रदेश स्वयं एक खुला फिल्म कैनवास हो। कहीं शांत वादियां, कहीं रहस्यमयी जंगल, कहीं प्राचीन विरासत तो कहीं जीवंत नगर-दृश्य।
यहां के लोगों की सहजता, सादगी और सहयोगी स्वभाव हर फिल्म प्रोजेक्ट्स को न केवल सरल बनाते हैं, बल्कि उसे एक सुखद, स्मरणीय और सृजनात्मक अनुभव में बदल देते हैं। स्पेन फिल्म कमीशन के प्रेसिडेंट जुआन मैनुअल ने कहा कि स्पेन की भौगोलिक संभावनाएं बेहद विविध हैं। स्पेन में पहाड़ों, रेगिस्तानों, जल-स्रोतों और विरासत स्थलों तक, यह सभी निर्माताओं के लिए एक ही स्थान पर उपलब्ध पूर्ण लोकेशन है।

आयोजन के दौरान राउंड टेबल चर्चा भी की गई।
मध्यप्रदेश के फिल्म इकोसिस्टम को मिली नई गति मध्यप्रदेश के फिल्म इकोसिस्टम को मजबूत बनाने के लिए राउंड टेबल चर्चा सत्र का आयोजन किया गया। अपर मुख्य सचिव पर्यटन शुक्ला ने इस सत्र को संबोधित किया गया। जिसमें विश्व के कई प्रतिष्ठित फिल्म उद्योग प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रतिनिधियों में न्यूजीलैंड फिल्म कमीशन की सीईओ ऐनी मरे, ब्रिटिश फिल्म इंस्टीट्यूट (BFI) की इंटरनेशनल रिलेशन की हेड अग्नीएश्का मूडी, नेटफ्लिक्स इंडिया की पब्लिक पॉलिसी की डायरेक्टर महिमा पॉल, ऑस्ट्रेलिया से चार्ल्स थॉमसन “बिहारीलाल”, कनाडा के एक्डर/प्रोड्यूशर संजय सूरी के साथ जापान, फिनलैंड सहित कई देशों के निर्माता एवं फिल्मकार शामिल थे।
चर्चा में मध्यप्रदेश की नई फिल्म पॉलिसी 2.0, अंतर्राष्ट्रीय फिल्म निर्माण के लिए प्रोत्साहन, लोकेशन सपोर्ट, विविध प्राकृतिक परिदृश्य, सांस्कृतिक संपदा, वन्यजीवन और आसान फिल्म-शूटिंग प्रक्रिया को विशेष रूप से सराहा गया। फिल्मकारों ने माना कि मध्य प्रदेश अपनी विविध लोकेशनों और संसाधनों के कारण वैश्विक फिल्म निर्माण के लिए एक उभरता हुआ केंद्र है।
एमपी पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र वेव्स (Waves) फिल्म बाजार में मध्य प्रदेश का पवेलियन आज रचनात्मक ऊर्जा और उत्साह से भरपूर दिखाई दिया। यहां प्रदेश की फिल्म निर्माण क्षमताओं, विविध लोकेशनों और विश्वस्तरीय सुविधाओं को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। मध्य प्रदेश में स्त्री, भूल भुलाइया–3 जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में बनीं हैं और जहां पंचायत, गुल्लक, महारानी जैसी लोकप्रिय वेब सीरीज ने दर्शकों का दिल जीता। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित फिल्में लापता लेडीज और होमबाउंड ने भी मध्य प्रदेश को वैश्विक सिनेमा के मानचित्र पर मजबूती से स्थापित किया है।