नौगांव में ट्रांसफॉर्मर लदा ट्रक धू-धू कर जला: आग की 10 फीट ऊंची लपटें उठीं, टायर फटे; हाईवे पर एक घंटे जाम रहा – Chhatarpur (MP) News

नौगांव में ट्रांसफॉर्मर लदा ट्रक धू-धू कर जला:  आग की 10 फीट ऊंची लपटें उठीं, टायर फटे; हाईवे पर एक घंटे जाम रहा – Chhatarpur (MP) News


छतरपुर के नौगांव शहर में सोमवार शाम तहसील चौराहे पर विद्युत कंपनी का ट्रांसफॉर्मर लदा एक मिनी ट्रक अचानक आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और 10 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

.

आग की भीषणता के कारण ट्रक के टायर एक के बाद एक फटने लगे, जिनकी जोरदार आवाज से लोग दहशत में आ गए और मौके पर भगदड़ मच गई। गनीमत रही कि ट्रक पर लदे तीनों ट्रांसफार्मरों में विस्फोट नहीं हुआ, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

नगर पालिका की फायर बिग्रेड नहीं पहुंची चश्मदीदों के अनुसार, घटना के दौरान नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची। हालांकि, नगर परिषद के पास दो दमकल होने का दावा किया जाता है। बताया गया कि एक दमकल खराब थी और दूसरी मरम्मत के लिए टीकमगढ़ भेजी गई थी, जिसके कारण मौके पर केवल पानी का टैंकर ही उपलब्ध हो सका। स्थानीय लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। इस घटना के वीडियो भी सामने आए हैं।

मौके पर केवल पानी का टैंकर ही उपलब्ध हो सका। स्थानीय लोगों ने भी मदद की।

मौके पर केवल पानी का टैंकर ही उपलब्ध हो सका। स्थानीय लोगों ने भी मदद की।

हाईवे पर एक घंटे जाम रहा इस घटना के कारण पूर्व नेशनल हाईवे पर करीब एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर भीड़ को हटाया और बाद में क्रेन की मदद से जले हुए ट्रक को हटाकर यातायात को सुचारू कराया।

घटना की सूचना मिलने पर छतरपुर, हरपालपुर और महाराजपुर से भी फायर ब्रिगेड बुलाई गई, लेकिन तब तक आग पर काबू पा लिया गया था। ट्रक चालक आग लगते ही वाहन छोड़कर भाग निकला था। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि ट्रक और उस पर लदे ट्रांसफॉर्मर पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

नौगांव तहसीलदार राजेश कोल ने बताया कि ट्रक में तकनीकी खराबी के कारण आग लगी। वहीं, नगर पालिका सीएमओ आरएस अवस्थी ने कहा कि दमकल उपलब्ध न होने के कारण मौके पर पानी का टैंकर भेजा गया था। उन्होंने यह भी बताया कि नई फायर ब्रिगेड के लिए भोपाल में प्रस्ताव भेजा गया है।



Source link