मध्यप्रदेश की 69वीं शालेय राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का सीतामऊ (मंदसौर) में भव्य समापन हुआ। यह प्रतियोगिता पांच दिनों तक चली, जिसमें प्रदेशभर से करीब 10 टीमों ने हिस्सा लिया। मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह और ऊर्जा लगातार देखने को मिली।
.
फाइनल मुकाबले में भोपाल की बालिका टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की। पूरे मैच के दौरान टीम ने बेहतरीन तालमेल और तेज आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
बालक वर्ग में उज्जैन ने जबलपुर को हराया
बालक वर्ग के फाइनल में उज्जैन और जबलपुर के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। रोमांचक मैच में उज्जैन की टीम ने निर्णायक बढ़त बनाते हुए जीत हासिल की और खिताब पर कब्जा जमाया। खिलाड़ियों का प्रदर्शन मैच की खास चर्चा का विषय रहा।
दूधिया रोशनी में खेले गए फाइनल मुकाबले
फाइनल मैच रात में एलईडी की दूधिया रोशनी में आयोजित किए गए, जहां बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। भीड़ के उत्साह और खिलाड़ियों की फुर्ती ने माहौल को पूरी तरह रोमांचक बना दिया। मैच के दौरान खेलभावना और अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण देखा गया।
पुरस्कार वितरण में शामिल हुए विधायक
समापन समारोह के मुख्य अतिथि सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को शील्ड और प्रमाणपत्र प्रदान किए। विधायक ने खिलाड़ियों के जुनून की तारीफ़ करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रीय स्तर के लिए होगा चयन
आयोजन समिति और जिला शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग के संयुक्त प्रयासों से यह आयोजन सफलतापूर्वक पूरा हुआ। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन अब राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
देखें तस्वीरें
