अनूपपुर में मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में आयोजित किया गया। कलेक्टर हर्षल पंचोली ने 41 आवेदनों पर सुनवाई की। इस दौरान एक प्रकरण का निराकरण न करने पर मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग पर 5000 रुपए का जुर्
.
जनसुनवाई में विकासखंड जैतहरी के ग्राम अचलपुर निवासी गुलजारी लाल माझी ने शासकीय तालाब में मत्स्य पालन के लिए पट्टा दिलाने संबंधी शिकायत की थी। कलेक्टर ने इस शिकायत का तत्काल संज्ञान लिया और शासकीय कार्य में लापरवाही बरतने पर विभाग पर जुर्माना लगाया। जुर्माने की राशि आवेदक को प्रतिकर के रूप में उपलब्ध कराई गई।
कलेक्टर हर्षल पंचोली ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लें। उन्होंने समस्याओं को प्राथमिकता में रखते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
जनसुनवाई में अन्य आवेदकों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। इनमें वार्ड नंबर 08 कोतमा निवासी मुन्नी बाई केवट ने अनुकम्पा नियुक्ति, तहसील अनूपपुर के ग्राम पिपरिया निवासी गिरजा प्रसाद पटेल ने भूमि के नक्शे में सुधार की मांग की। इसके अतिरिक्त, भूमि का सीमांकन एवं बटांकन, समग्र आईडी में सुधार, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने संबंधी आवेदन भी प्राप्त हुए।