टीकमगढ़ में 200 साल पुराने नजरबाग मंदिर का होगा जीर्णोद्धार: कलेक्टर की बैठक में स्कूल शिफ्टिंग और अवैध पार्किंग हटाने की मांग उठी – Tikamgarh News

टीकमगढ़ में 200 साल पुराने नजरबाग मंदिर का होगा जीर्णोद्धार:  कलेक्टर की बैठक में स्कूल शिफ्टिंग और अवैध पार्किंग हटाने की मांग उठी – Tikamgarh News


टीकमगढ़ में 200 साल पुराने नजरबाग मंदिर का होगा जीर्णोद्धार

टीकमगढ़ के करीब 200 साल पुराने नजरबाग स्थित श्रीराम जानकी मंदिर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण को लेकर मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर विवेक श्रोतिय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मंदिर की मरम्मत और परिसर में सुधार पर जोर दिया गय

.

बैठक में सांसद प्रतिनिधि अनुराग वर्मा, विवेक चतुर्वेदी, पूर्व विधायक केके श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार सहित लोक निर्माण विभाग (PWD) और नगर पालिका के अधिकारी मौजूद रहे। सभी उपस्थित लोगों ने मंदिर की तत्काल मरम्मत कराए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

राजशाही दौर में निर्मित यह बुंदेली स्थापत्य कला का प्रतीक मंदिर लगभग 200 साल पुराना है। वर्तमान में यह कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो चुका है। मंदिर के आधे हिस्से में लंबे समय से एक सरकारी स्कूल संचालित है, जिससे परिसर की स्थिति और जटिल हो गई है।

बैठक के दौरान, मंदिर परिसर में संचालित स्कूल को नजरबाग में खाली पड़ी शासकीय स्कूल की इमारत में स्थानांतरित करने की मांग प्रमुखता से उठी। इसके अतिरिक्त, मंदिर की क्षतिग्रस्त दीवारों की मरम्मत, आकर्षक पुताई, चारों ओर लाइटिंग की व्यवस्था, भगवान के राजभोग के लिए रसोई का निर्माण, और मंदिर के आसपास से अवैध पार्किंग हटाने के सुझाव भी दिए गए। परिसर को धूल मुक्त बनाने के लिए पेवर्स लगाने का भी प्रस्ताव रखा गया।

कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने बताया कि धर्मस्व विभाग से मंदिर की मरम्मत के लिए कुछ राशि प्राप्त हुई है। शेष कार्य नगर पालिका और जिला प्रशासन के सहयोग से पूरे किए जाएंगे। उन्होंने PWD के एसडीओ प्रदीप जैन, नगर पालिका इंजीनियर दीपक विश्वकर्मा और अन्य संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि यह प्राचीन मंदिर लोगों की आस्था और आकर्षण का प्रमुख केंद्र है, और इसे भव्य बनाने के लिए सामूहिक सहयोग से कार्य पूरा किया जाएगा।

इस अवसर पर श्रीराम जन्मोत्सव परिवार के सदस्य, तहसीलदार सत्येंद्र गुर्जर, रमेश द्विवेदी, मनोज अवस्थी, मुन्नी लाल यादव, प्रजातंत्र गंगेले, मनीराम कठेल, प्रकाश अग्रवाल, अनूप नायक, भारत भूषण पटेरिया सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



Source link