देवास में मंगलवार को 23 वर्षीय युवक ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। युवक गजरा गियर कंपनी में ठेके पर काम करता था। उसने छोटे भाई को बाहर भेजकर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
.
परिजनों ने बताया कि मृतक का नाम प्रवीण भंडोले था। वह गजरा गियर कंपनी में ठेके पर कार्यरत था और रोज की तरह सुबह घर पर ही था।
भाई को बाहर भेजकर कमरे में बंद हुआ
मंगलवार को प्रवीण ने अपने छोटे भाई को किसी काम से बाहर भेज दिया। इसके बाद उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ देर बाद परिजनों ने आवाज दी, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। शंका होने पर परिवार ने दरवाजा खोलकर देखा। अंदर प्रवीण फंदे पर लटका मिला। परिजन उसे नीचे उतारकर मदद की कोशिश करते रहे, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
कारण सामने नहीं आया, परिवार सदमे में
प्रवीण के मौसेरे भाई लखन ने बताया कि खुदकुशी का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। परिवारजन ने भी कहा कि उसे किसी मानसिक तनाव या विवाद की जानकारी नहीं थी। सभी घटना से सदमे में हैं।
देवास पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और परिजनों से पूछताछ कर रही है। प्रवीण के परिवार में उसकी मां और एक भाई हैं।