बैतूल में पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश पर महिला संबंधी अपराध के दो मामलों में कोतवाली पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
.
पहला मामला: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप
पहले मामले में ग्राम रावणवाड़ी के सस्तीराम यादव (32 वर्ष) पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप था। पीड़िता की शिकायत पर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 1035/2025 दर्ज किया गया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।
कोतवाली पुलिस ने सायबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में ट्रेस की। इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर बैतूल लाकर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
दूसरा मामला: घर में घुसकर छेड़छाड़
दूसरे मामले में जिला जेल परिसर बैतूल के रहने वाले दीनदयाल बांईया (56 वर्ष) पर घर में घुसकर छेड़छाड़ करने का आरोप है। पीड़िता की रिपोर्ट पर 14 अगस्त 2025 को उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 823/2025, धारा 74, 75(2), 331(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज हुआ था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया और जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने कहा कि महिला संबंधी अपराधों में तेजी और सख्ती से कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल, उपनिरीक्षक चित्रा कुमरे ने अहम भूमिका निभाई।