एक दिन में तीन-तीन मुकाबले, 55 मैच बाद मिलेगा चैंपियन, शेड्यूल की 5 बड़ी बातें

एक दिन में तीन-तीन मुकाबले, 55 मैच बाद मिलेगा चैंपियन, शेड्यूल की 5 बड़ी बातें


मुंबई: भारत-श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में सात फरवरी से आठ मार्च के बीच टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन होगा. 30 दिन तक चलने वाला यह टूर्नामेंट दो देश के सात शहरों की आठ जगहों पर होगा. भारत अगर टूर्नामेंट जीत जाता है तो टी-20 वर्ल्ड कप डिफेंड करने वाला पहला दल होगा.

20 टीम के बीच 55 मैच होंगे
पहली बार वर्ल्ड कप में 20 टीम हिस्सा ले रहीं हैं. इस दौरान कुल 55 मैच होंगे, इसमें पहली बार खेल रही इटली भी शामिल है. टीमों को पांच-पांच के चार ग्रुप में बांटा गया है, जिसमें से आठ टीम सुपर आठ राउंड में पहुंचेंगी. इसके बाद चार टीम सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जो कोलकाता या कोलंबो और मुंबई में खेले जाएंगे. फाइनल अहमदाबाद या कोलंबो में होगा, जो पाकिस्तान की स्थिति पर निर्भर करेगा.

15 फरवरी को भारत-पाक की टक्कर
चिर-प्रतिद्वंदी भारत और पाकिस्तान को 2026 मेंस टी-20 विश्व कप के लिए ग्रुप ए में रखा गया है और मंगलवार को जारी कार्यक्रम के अनुसार दोनों टीमें 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में आमने-सामने होंगी. हाल ही में टी-20 प्रारूप में खेले गए एशिया कप के फाइनल सहित भारत-पाक के तीन मुकाबले हुए और दर्शकों की संख्या बढ़ाने के लिए सभी मैच रविवार को रखे गए हैं.

भारत के मैच कब-कब और कहां?
मौजूदा चैंपियन भारत अपने अभियान की शुरुआत सात फरवरी को मुंबई में अमेरिका के खिलाफ करेगा और उसके बाद 12 फरवरी को दिल्ली में नामीबिया से भिड़ेगा. टीम इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए कोलंबो जाएगी और फिर 18 फरवरी को अहमदाबाद में नीदरलैंड के खिलाफ अपना आखिरी लीग मैच खेलेगी.

कौन सी टीम किस ग्रुप में?
ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान के अलावा नामीबिया, अमेरिका और नीदरलैंड्स भी हैं. ग्रुप बी में ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे और ओमान शामिल हैं, जबकि ग्रुप सी में इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश, नेपाल और इटली शामिल हैं. ग्रुप डी में न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा और यूएई शामिल हैं.

तीन टीम ने दो-दो बार जीता वर्ल्ड कप
2007 में टी-20 वर्ल्ड कप की शुरुआत हुई थी. भारत ने ओपनिंग एडिशन में पाकिस्तान को हराकर टाइटल जीता था. इसके 17 साल बाद साउथ अफ्रीका को हराकर दोबारा चैंपियनशिप अपने नाम की. भारत के अलावा वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ने भी दो-दो बार वर्ल्ड कप जीता है. पाकिस्तान, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया ने एक-एक बार ट्रॉफी अपने नाम की है.



Source link