Last Updated:
Gardening Tips: अगर आप ये 4–5 आसान उपाय अपनाते हैं तो आपका गुड़हल पौधा ठंड में भी हरा-भरा रहेगा. पीले पत्ते धीरे-धीरे कम हो जाएंगे, नई टहनियां निकलने लगेंगी और फरवरी आते-आते पौधा फिर से फूलों से लद जाएगा.
Gardening Tips: सर्दियों का मौसम आते ही गुड़हल का पौधा सुस्त जैसा हो जाता है. गर्मियों और बरसात में खूब फूल देने वाला यह पौधा ठंड में अचानक रुक सा जाता है. न कलियां बनती हैं, न पत्तों में पहले जैसी चमक रहती है. कई बार तो पत्ते पीले होकर गिरने लगते हैं. लोग घबरा जाते हैं कि कहीं पौधा खत्म न हो जाए. लेकिन, सच ये है कि थोड़ी सी सही देखभाल और खास तरह का पानी डालने से गुड़हल फिर से शानदार तरीके से बढ़ने लगता है. गांव के किसान भागीरथ पटेल बताते हैं कि गुड़हल असल में ट्रॉपिकल पौधा है यानी इसे धूप और गर्माहट पसंद है. जैसे-जैसे सर्दी बढ़ती है, पौधा डॉर्मेंसी में चला जाता है. इसका मतलब होता है कि वह अपनी ऊर्जा बचाने के लिए ग्रोथ धीमी कर देता है. लेकिन, सर्दियों में ये पौधा साथ नहीं छोड़ेगा, जानें कैसे…
ठंड में गुड़हल के पत्ते पीले क्यों पड़ते हैं?
सर्दियों में गुड़हल के पत्तों का हल्का पीला होना आम बात है. लेकिन, ज्यादा पीलापन देखभाल की कमी बताता है. इसके कई कारण होते हैं. ठंड से जड़ें सिकुड़ जाती हैं और पोषक तत्व खींच नहीं पातीं. धूप कम मिले तो क्लोरोफिल घटता है, जिससे पत्ते पीले दिखने लगते हैं. ठंड में मिट्टी देर से सूखती है. ऐसे में ज्यादा पानी देने से फंगल इंफेक्शन भी हो सकता है. पौधा कलियां बनाना बंद कर देता है और पुराने पत्ते खुद ही झड़ने लगते हैं, इसलिए घबराएं नहीं, बस थोड़ी सी सावधानी रखेंगे तो पौधा फिर से मजबूत बन जाएगा.
सर्दियों में धूप सबसे जरूरी
गुड़हल हमेशा तेज धूप पसंद करता है. गर्मियों में तो आधी धूप भी काफी होती है, लेकिन सर्दियों में इसे कम से कम 6–7 घंटे की सीधी धूप चाहिए. कोशिश करें कि पौधे को दक्षिण या दक्षिण-पूर्व दिशा में रखें. जिस बालकनी में धूप कम आती हो, वहां पौधा बिल्कुल न रखें. यदि रोज़ धूप नहीं मिल पाती, तो सप्ताह में 2-3 बार 2-3 घंटे के लिए धूप वाली जगह जरूर शिफ्ट करें. धूप मिलने से पौधा अपनी पुरानी ऊर्जा वापस पकड़ लेता है और धीरे-धीरे नई कली बनाना शुरू कर देता है.
पानी कम, लेकिन सही टाइम पर दें
सर्दियों में मिट्टी जल्दी नहीं सूखती, इसलिए पानी हमेशा सोच-समझकर देना चाहिए. सप्ताह में सिर्फ 1–2 बार ही पानी दें. हमेशा तभी पानी डालें जब मिट्टी ऊपर से 2 इंच तक सूखी हो. बहुत अधिक पानी जड़ों को नुकसान पहुंचाता है और पत्ते पीले पड़ते हैं. लेकिन, अब बात उस खास पानी की जिसे माली भी इस्तेमाल करते हैं.
4. ये खास पानी डालें, पौधा खिल उठेगा
गुड़हल को सर्दियों में स्पेशल न्यूट्रिएंट वॉटर की जरूरत होती है. यह पानी पौधे को तुरंत ताकत देता है और नई कलियां बनने में मदद करता है. एक बाल्टी पानी में एक मुट्ठी सरसों की खली (मस्टर्ड केक) 12 घंटे भिगोकर रखें. सुबह इस पानी को छानकर 1 हिस्से घोल में 2 हिस्से साफ पानी मिलाएं. महीने में सिर्फ दो बार इस घोल से पौधे को पानी दें. यह घोल पौधे को नाइट्रोजन, फॉस्फोरस और पोटैशियम देता है, जिससे पत्ते हरे रहने लगते हैं और पौधा ठंड में भी फूल देने के लिए तैयार हो जाता है.
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म… और पढ़ें