मंडला जिले के निवास स्थित सांदीपनि शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक स्कूल में मंगलवार को छात्रों के चक्काजाम के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने कार्रवाई की है। प्रभारी प्राचार्य वेद प्रकाश अवधिया को पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह मॉडल हाई स्कूल नारायणगंज के प
.
स्कूल में लगभग 900 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। मंगलवार सुबह करीब 100 विद्यार्थियों ने प्राचार्य पर अनावश्यक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए निवास-मंडला मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया। छात्रों ने तख्तियां लेकर प्राचार्य को हटाने की मांग की और लगभग चार घंटे तक नारेबाजी की। इस दौरान करीब आधे घंटे तक सड़क जाम रही।
छात्र स्कूल के सामने धरने पर बैठे
छात्र पहले पेट्रोल पंप के पास जमा हुए, फिर स्कूल के सामने धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर निवास थाना प्रभारी वर्षा पटेल, तहसीलदार संदीप नागोसे, जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नी वरकड़े, सहायक संचालक माखन सिंह सेंद्राम और बीईओ सुनील दुबे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत की, उनकी लिखित शिकायत ली और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद विद्यार्थियों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

अनुशासनहीनता के आरोप में चार छात्रों को सस्पेंड किया था
बताया गया है कि कुछ दिन पहले कुछ छात्रों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग कर प्राचार्य की आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकर प्रसारित की थीं। इसके बाद अनुशासनहीनता के आरोप में चार छात्रों को निलंबित किया गया था। छात्रों का आरोप है कि इस कार्रवाई के बाद प्राचार्य की ओर से अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा था और उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा था। कुछ छात्रों ने यह भी शिकायत की कि उन्हें अर्धवार्षिक परीक्षा में बैठने नहीं दिया गया।
मंगलवार शाम जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश में शिकायतों की प्रारंभिक जांच के आधार पर प्रभारी प्राचार्य वेद प्रकाश अवधिया को पद से हटाने की पुष्टि की गई है। नए प्रभारी प्राचार्य रामकुमार भांडे को स्कूल का संपूर्ण प्रशासनिक और वित्तीय प्रभार अगले आदेश तक सौंप दिया गया है।