आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के युवा बल्लेबाज ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बल्ले से बवंडर ला दिया है. ये वही बल्लेबाज है जो क्रिस गेल के सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर चुका है. अब एक बार फिर 31 गेंद में शतक ठोक इस बल्लेबाज ने तबाही मचा डाली. हैदराबाद का जिमखाना ग्राउंड इस आतिशी शतक का गवाह बना. सर्विसेज टीम के गेंदबाज आसमान ताकते ही रह गए. पारी में 10 गगनचुंबी छक्के भी देखने को मिले. यह भारतीय बल्लेबाजों की तरफ से टी20 फॉर्मेट का तीसरा सबसे तेज शतक है.
कौन है ये तूफानी बल्लेबाज?
हम बात कर रहे हैं गुजरात के कप्तान उर्विल पटेल की जिन्होंने 31 गेंदों में 12 चौकों और 10 छक्कों की मदद से शतक बनाया. पहले बैटिंग करते हुए सर्विसेज ने नौ विकेट पर 182 रन बनाए. जवाब में, गुजरात के ओपनर उर्विल और आर्या देसाई ने सर्विसेज के अटैक की धज्जियां उड़ा दीं. दोनों के बीच 174 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप देखने को मिली और मैच एकतरफा साबित हुआ. उर्विल ने 37 गेंद में 119 रन की आतिशी पारी खेली. वहीं, आर्य देसाई 60 रन बनाकर आउट हुए.
तोड़ा था गेल का रिकॉर्ड
उर्विल पटेल यूनिवर्स बॉस कहे जाने वाले क्रिस गेल का भी रिकॉर्ड ध्वस्त कर चुके हैं. गेल के नाम सबसे तेज 30 गेंद में शतक का महारिकॉर्ड था और कई दिनों तक लिस्ट में टॉप पर रहे. लेकिन 2024 में उर्विल ने एक तूफानी पारी खेली और 28 गेंद में सेंचुरी ठोक डाली. उस मैच में उर्विल ने 322 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी और 12 छक्के जमाए थे. उर्विल 35 गेंद में 112 रन बनाकर नॉट आउट गए थे. उनका यह रिकॉर्ड एस्टोनिया और साइप्रस के बीच हुए मैच में साहिल चौहान ने 27 गेंदो के शतक से तोड़ा था.
ये भी पढे़ं.. स्मृति के घर से आई गुड न्यूज.. पिता को अस्पताल से मिली छुट्टी, शादी पर क्या है अपडेट?
सीएसके ने किया रिटेन
उर्विल की झलक आईपीएल 2026 में देखने को मिल सकती है. वह चेन्नई सुपर किंग्स टीम का हिस्सा हैं. सीएसके ने कई बड़े फैसले लिए लेकिन उर्विल को रिलीज नहीं किया है. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनका ऐसा प्रदर्शन रहा तो ्अगले सीजन उनकी झलक देखने को मिल सकती है.