रायसेन जिले में खनिज विभाग और राजस्व विभाग ने अवैध उत्खनन के खिलाफ गुरुवार शाम को बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम कानपोहरा के खसरा नंबर 7 पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए सैंडस्टोन फ्लैग स्टोन का अवैध उत्खनन कर बनाए जा रहे फर्शी पत्थर को नष्ट किया गया।
.
मौके पर करीब 15 से 20 गाड़ी अवैध उत्खनित सामग्री मिली, जिसकी मात्रा करीब 300 घन मीटर थी। इस सामग्री को जेसीबी मशीन की सहायता से विनष्टीकरण किया गया। कार्रवाई के दौरान, अमले को आता देख स्थल पर काम कर रहे मजदूर मौके से भाग गए।
इसके अतिरिक्त, भेदनेर के पास से फ्लैग स्टोन से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त की गई। इस ट्रॉली में लगभग 3 घन मीटर फर्शी पत्थर भरा हुआ था। जब्त की गई ट्रैक्टर-ट्रॉली को कोतवाली थाने की अभिरक्षा में खड़ा किया गया है।
कार्रवाई कलेक्टर ओर जिला खनिज अधिकारी के निर्देशन में की गई। इस दौरान एसडीएम मनीष शर्मा, खनिज अधिकारी महेंद्र पटेल, तहसीलदार भारत मंडले, सहायक खनिज अधिकारी सुमित गुप्ता, खनिज निरीक्षक अर्चना ताम्रकार, रेवेन्यू इंस्पेक्टर, पटवारी और ग्राम कोटवार सहित अन्य अमला मौजूद रहा।