साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत को गुवाहाटी में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में 408 रन से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है. सिर्फ इतना ही नहीं भारत अपने ही देश में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 25 साल बाद टेस्ट सीरीज भी हार गया. साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज हारने के बाद टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज पहले से ही बहुत निराश थे, लेकिन एक घटना ने उन्हें और भी नाराज कर दिया. हार से घायल हुए मोहम्मद सिराज का एक एयरलाइन पर गुस्सा फूटा है.
हार से घायल हुए सिराज का फूटा गुस्सा
मोहम्मद सिराज ने एयर इंडिया एक्सप्रेस की जमकर आलोचना की है. मोहम्मद सिराज ने बुधवार रात को एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ अपने मुश्किल ट्रैवल एक्सपीरियंस के बाद सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की है. मोहम्मद सिराज ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि गुवाहाटी से हैदराबाद के लिए उनकी एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट (IX 2884) शाम 7.25 बजे निकलने वाली थी, लेकिन प्लान के मुताबिक टेक ऑफ नहीं कर पाई.
सिराज ने सरेआम इस एयरलाइन को लताड़ा
मोहम्मद सिराज ने दावा किया कि बार-बार पूछने के बाद भी एयरलाइन ने कोई साफ वजह नहीं बताई, जिससे पैसेंजर चार घंटे तक फंसे रहे. मोहम्मद सिराज ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, ‘गुवाहाटी से हैदराबाद के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर IX 2884 को शाम 7:25 बजे निकलना था, लेकिन एयरलाइन की तरफ से कोई सूचना नहीं दी गई. बार-बार फॉलो-अप करने के बाद भी, उन्होंने (एयरलाइन)बिना कोई सही वजह बताए फ्लाइट में देरी कर दी. यह बहुत परेशान करने वाला है.’
फ्लाइट 4 घंटे लेट
मोहम्मद सिराज ने कहा, ‘ऐसे हालात में पैसेंजर बेसिक कम्युनिकेशन की उम्मीद कम से कम करते हैं. यह सच में बहुत फ्रस्ट्रेटिंग रहा है और हर पैसेंजर यही बेसिक मांग करता है. फ्लाइट 4 घंटे लेट है और अभी तक कोई अपडेट नहीं मिला है, जिससे हम फंस गए हैं. सबसे बुरा एयरलाइन अनुभव.’ मोहम्मद सिराज ने यात्रियों को एयरलाइन के साथ बुकिंग करने से सावधान किया, जब तक कि वह ‘कोई स्टैंड न ले.’
सबसे खराब एयरलाइन
मोहम्मद सिराज ने अपनी पोस्ट के आखिर में एयरलाइन को टैग किया और कहा कि वह किसी को भी एयर इंडिया एक्सप्रेस रिकमेंड नहीं करेंगे. मोहम्मद सिराज ने कहा, ‘सबसे खराब एयरलाइन एक्सपीरियंस. मैं सच में किसी को भी यह फ्लाइट लेने की एडवाइस नहीं दूंगा, अगर वे स्टैंड नहीं ले सकते तो.’ बता दें कि कई फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार, गुवाहाटी से हैदराबाद की फ्लाइट ऑपरेशनल कारणों से कैंसिल कर दी गई.
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने माफी मांगी
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने मोहम्मद सिराज के पोस्ट का जवाब देते हुए माफी मांगी. एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा, ‘हमें आपको यह बताते हुए दुख हो रहा है कि अचानक ऑपरेशनल कारणों से फ्लाइट कैंसिल कर दी गई है. एयरपोर्ट पर हमारी टीम सभी मेहमानों की जरूरी व्यवस्थाओं में मदद कर रही है.’ इसमें आगे कहा गया, ‘हम समझते हैं कि यह स्थिति कितनी मुश्किल है, और हम आपके सब्र और समझ की सच में तारीफ करते हैं. कृपया भरोसा रखें कि हमारी टीम आपको अपडेट देती रहेगी और हर मुमकिन मदद करेगी.’