India 5 biggest defeats in Test cricket: इस वक्त क्रिकेट की दुनिया में अगर किसी चीज की सबसे ज्यादा चर्चा है तो वो टीम इंडिया की हार है. गुहावाटी टेस्ट में उसे भारतीय टेस्ट क्रिकेट के इतिहास रनों के मामले में सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ी. साउथ अफ्रीका ने टेम्बा बावुमा की कप्तानी में भारत को 2-0 से क्लीन स्वीप कर दिया. बैक टू बैक दो टेस्ट हारकर टीम इंडिया शर्मसार हो गई, क्योंकि आज से पहले तक भारत को घर में बहुत मजबूत माना जाता था, उसे हराना आसान नहीं था, लेकिन गुहावाटी टेस्ट के नतीजे ने इतिहास बदल दिया.
दरअसल, टेस्ट क्रिकेट को धैर्य, तकनीक और जज्बे की परीक्षा कहा जाता है, लेकिन कभी-कभी ऐसे नतीजे भी सामने आते हैं, जो किसी भी बड़ी टीम को अंदर तक हिला कर रख देते हैं. गुहावाटी में यही टीम इंडिया के साथ हुआ. ये पहला मौका नहीं है जब टीम इंडिया इतने बड़े रनों के अंतर से हारी हो, 4 ऐसे मौके आए हैं, जब टीम इंडिया को रनों के बेहद बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा. ये वे हार हैं, जिन्हें भूलना आसान नहीं है. यहां जानिए भारत की टेस्ट इतिहास की पांच सबसे बड़ी हार दी गई हैं, जिन्होंने टीम इंडिया को पूरी दुनिया के सामने शर्मसार किया.
टेस्ट क्रिकेट में रनों के मामले में भारत की 5 सबसे बड़ी हार (India’s 5 biggest defeats in terms of runs in Test cricket)
1. भारत बनाम साउथ अफ्रीका, गुवाहाटी- 408 रन (2025)
दक्षिण अफ्रीका ने दो मैचों की सीरीज में भारत को 2-0 से क्लीन स्वीप किया, लेकिन गुवाहाटी की हार सबसे दर्दनाक रही।. मुथ्थुस्वामी के शतक और मार्को यानसन के ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत मेहमान टीम ने पहली पारी में 489 रन ठोके. जिसके जवाब में भारत 201 पर ढेर हो गया और साउथ अफ्रीका ने 260/5 पर पारी घोषित करते हुए 549 का बड़ा टारगेट दिया, जवाब में भारत महज 140 रन पर सिमट गया. यह रनों के अंतर से भारत की अब तक की सबसे बड़ी हार बन गई.
2. भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, नागपुर- 342 रन (2004)
ऑस्ट्रेलिया का यह दौरा भारत के लिए किसी डरावने सपने से कम नहीं था. नागपुर टेस्ट में कंगारू टीम ने डेमियन मार्टिन के शतक की मदद से 398 रन बनाए और भारत को 185 पर समेट दिया था. दूसरी पारी में भी भारतीय बल्लेबाजी ढह गई और टीम केवल 200 रन बना सकी. इस तरह उसे 342 रनों से हार मिली, जो भारत की लंबे समय तक सबसे बड़ी हार बनी रही.
3. भारत बनाम पाकिस्तान, कराची- 341 रन (2006)
इस मैच को अक्सर इरफान पठान की पहली ओवर में हैट्रिक के लिए याद किया जाता है, लेकिन अंत बेहद निराशाजनक रहा था. पाकिस्तान ने दूसरी पारी में 599/7 का पहाड़ खड़ा किया और भारत के सामने 607 रनों का असंभव लक्ष्य रखा. युवराज के 122 रन के बावजूद टीम 265 पर ढेर हो गई और भारत 341 रन से मैच हार गया. इस हार ने लाखों दिल तोड़े थे.
4. भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, मेलबर्न- 337 रन (2007)
बॉक्सिंग डे टेस्ट में भारत ऑस्ट्रेलिया की ताकत का सामना ही नहीं कर पाया था. पहली पारी में भारत 196 रन पर सिमट गया. दूसरी पारी में 499 का विशाल लक्ष्य था, लेकिन ब्रेट ली और मिशेल जॉनसन की धारदार गेंदबाजी के आगे टीम इंडिया 161 पर ऑल आउट हो गई. यह हार भारत के लिए बेहद शर्मनाक रही.
5. भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, पुणे- 333 रन (2017)
पुणे में खेले गए इस मुकाबले की स्पिनिंग पिच पर स्टीव ओ’कीफे का कहर भारतीय बल्लेबाजों पर टूट पड़ा था. उनकी कमाल की बॉलिंग के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दोनों पारियों में घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था. टीम इंडिया 105 और 107 पर आउट हुई और मैच 333 रन से गंवा दिया. यह घरेलू सरजमीं पर मिली सबसे बड़ी शिकस्तों में से एक है. इस मुकाबले में स्टीव ओ’कीफे ने दोनों पारियों में मिलाकर 6 और 6 यानी 12 विकेट निकाले थे.
टेस्ट में भारत की 5 बड़ी हार (रनों के हिसाब से)
- 408 रन बनाम दक्षिण अफ्रीका, गुवाहाटी, 2025
- 342 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, नागपुर, 2004
- 341 रन बनाम पाकिस्तान, कराची, 2006
- 337 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, मेलबर्न, 2007
- 333 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, पुणे, 2017
ये भी पढ़ें: Suresh Raina Net worth: 2020 में संन्यास…लग्जरी गाड़ियां और महल जैसा घर…आखिर कितनी संपत्ति के मालिक हैं सुरेश रैना?