सतना के स्कॉलर होम कॉलेज पर छात्रों के साथ धोखाधड़ी और अवैध शुल्क वसूली का गंभीर आरोप लगा है। ASAP छात्र संगठन के नेतृत्व में छात्रों ने गुरुवार शाम सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
.
छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन ने कई विद्यार्थियों से पूरी प्रवेश शुल्क जमा करवा ली, लेकिन उन्हें कॉलेज में विधिवत प्रवेश नहीं दिया। यह मामला तब सामने आया जब शैक्षणिक सत्र का लगभग अंतिम महीना बचा था और छात्र परीक्षा की तारीखें जानने के लिए कॉलेज पहुंचे।
कॉलेज पहुंचने पर छात्रों को बताया गया कि उनका एडमिशन हुआ ही नहीं है। इससे उनका पूरा साल बर्बाद होने की कगार पर आ गया है। छात्रों ने इसे जानबूझकर की गई धोखाधड़ी बताया है।
ASAP छात्र संगठन की जिला प्रभारी अवनी सिंह बैस को जब इस धोखाधड़ी की सूचना मिली, तो उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के साथ कॉलेज पहुंचकर प्राचार्य और शिक्षकों से संपर्क किया। संगठन का आरोप है कि अपनी गलती छिपाने के लिए कॉलेज प्रबंधन ने छात्रों को डिग्री कोर्स की जगह डिप्लोमा करवाने का प्रस्ताव दिया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब छात्र इस विषय पर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे, तो कॉलेज स्टाफ ने उनके साथ अभद्र और अमर्यादित व्यवहार किया। छात्रों ने कोतवाली थाना पहुंचकर कॉलेज प्रबंधन और संबंधित स्टाफ के खिलाफ धोखाधड़ी, अवैध शुल्क वसूली और अमर्यादित व्यवहार के आरोप में तत्काल एफआईआर दर्ज करने और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।