बैतूल-सारणी स्टेट हाईवे पर रानीपुर और डैम जोड़ के बीच गुरुवार देर रात एक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक दंपती गंभीर घायल हो गया। मृतकों में एक 16 वर्षीय किशोर और एक युवक शामिल हैं।
.
जानकारी के अनुसार, बांका शाहपुर से खोखरा जा रहे सुखलाल पांसे अपनी पत्नी संतो पांसे और जवाई राजेश काजले (32), निवासी कांटा वाड़ी, के साथ एक बाइक पर सवार थे। आम ढाना के पास पेट्रोल पंप के सामने उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। दूसरी बाइक पर कुही निवासी पीयूष उईके (16) सवार था, जो बैतूल से अपने घर लौट रहा था।
किशोर ने मौके पर ही तोड़ा दम टक्कर इतनी भीषण थी कि पीयूष उईके की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, राजेश काजले ने घोड़ाडोंगरी ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे में सुखलाल पांसे और उनकी पत्नी संतो पांसे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही रानीपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को घोड़ाडोंगरी सीएचसी भिजवाया, जहां सुबह उनका पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। हादसे के बाद बैतूल-सारणी मार्ग पर कुछ समय के लिए जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया।
रानीपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमरे ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।