WPL Auction 2026: नीलामी से पहले मैच विनर ने सबको चौंकाया…ऑक्शन से वापस ले लिया नाम, सामने आई ये वजह

WPL Auction 2026: नीलामी से पहले मैच विनर ने सबको चौंकाया…ऑक्शन से वापस ले लिया नाम, सामने आई ये वजह


WPL Auction 2026: विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के चौथे सीजन के लिए 27 नवंबर यानी आज मेगा ऑक्शन होना है. नीलामी दोपहर 3:30 बजे से शुरू होनी है, लेकिन उससे कुछ ही घंटे पहले ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर ने अपना नाम ऑक्शन से वापस लेकर सभी को हैरान कर दिया है. बीते तीन सीजन में अपने दम पर मैच पलटने की क्षमता रखने वाली ये खिलाड़ी इस बार नीलामी से बाहर हो गई है. ये कोई और नहीं बल्कि जेस जोनासन हैं, जिन्होंने नीलामी से ठीक पहले अचानक नाम वापस लेकर फ्रेंचाइजियों की रणनीति पर भी बड़ा असर डाला है.

जेस जोनासन ने क्यों लिया नाम वापस?

33 साल की बाएं हाथ की स्पिन ऑलराउंडर जेस जोनासन ने अपना नाम चोट की वजह से वापस लिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें कंधे में चोट है और वो पिछले कुछ समय से इससे उबरने की कोशिश कर रही हैं. फिलहाल वे 100% फिट नहीं हैं, इसलिए उन्होंने WPL 2026 में शामिल न होने का फैसला किया है. लीग आयोजकों ने 26 नवंबर को ही सभी फ्रेंचाइजियों को आधिकारिक रूप से उनकी चोट संबंधी जानकारी दे दी थी.

दिल्ली कैपिटल्स ने किया था रिलीज

जोनासन पिछले सीजन तक दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थीं, लेकिन मेगा ऑक्शन से पहले टीम ने उन्हें रिटेन नहीं किया. इस बार सभी टीमों को सिर्फ 5 खिलाड़ियों को रिटेन करने की इजाजत थी, जिससे कई बड़े नाम ऑक्शन पूल में शामिल हुए. जेस भी उन्हीं में से थीं और इस बार उनका बेस प्राइस 50 लाख रुपये था, उनकी उपलब्धता को देखते हुए कई टीमों की नजर उन पर थी, लेकिन अब उनका जलवा नहीं दिखेगा.

WPL में जोनासन का शानदार रिकॉर्ड

WPL के तीन सीजन में जेस जोनासन सबसे प्रभावी ऑलराउंडर्स में से एक रही हैं. उन्होंने 24 मैचों में 33 विकेट निकालने के साथ ही 295 रन बनाए. वो 5 बार प्लेयर ऑफ द मैच (हरमनप्रीत कौर के बाद सबसे ज्यादा) रहीं.

WPL 2026 की नीलामी में कुल 277 खिलाड़ी

WPL 2026 के मेगा ऑक्शन में इस बार कुल 277 प्लेयर उतर रही हैं, जिनमें 194 भारतीय और 83 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं. पांच फ्रेंचाइजियों के पास कुल 73 स्लॉट भरे जाने हैं और हर टीम अधिकतम 18 खिलाड़ियों की स्क्वाड बना सकती है. जेस जोनासन के हटने से ऑक्शन तालिका में अब एक बड़ा स्लॉट खाली रह गया है, जिसे भरने के लिए टीमें अब नए विकल्पों पर तेजी से विचार कर रही होंगी.

ये भी पढ़ें: IPL 2026 Auction: पिछले सीजन थे फ्लॉप, इस बार बोली लगना मुश्किल…अनसोल्ड रह सकते हैं यह 6 खिलाड़ी





Source link