IND W vs SL W T20I Schedule: भारत की महिला क्रिकेट टीम को लेकर बड़ी खबर है. इसी महीने आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीतने वाली टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में दो-दो हाथ करेगी. लगभग एक महीने के लंबे ब्रेक के बाद हरमनप्रीत कौर मैदान पर उतरेगी. इस सीरीज के मुकाबले 21 दिसंबर से शुरू होंगे और 30 दिसंबर तक चलेंगे.
अगले साल यानी 2026 में इंग्लैंड में महिला टी20 वर्ल्ड कप खेला जाना है. इस बड़े टूर्नामेंट की तैयारी के लिए यह सीरीज दोनों टीमों के लिए खास होने वाली है. वनडे वर्ल्ड कप के बाद मिले आराम के बाद अब टीम दोबारा लय हासिल करने की कोशिश करेगी. इस सीरीज में फैंस की नजरें कप्तान हरमनप्रीत कौर, उपकप्तान स्मृति मंधाना, और मिडिल ऑर्डर की भरोसेमंद बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्ज पर टिकी होंगी, जिन्होंने वनडे वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया था.
कहां खेले जाएंगे मैच?
5 मैचों की टी सीरीज के पहले दो मुकाबले विशाखापट्टनम में खेले जाएंगे. इसके बाद टी20 श्रृंखला के अगले तीन मैच तिरुवनंतपुरम में आयोजित होंगे. मतलब ये कि सीरीज के सभी मैच कुल 2 मैदानों पर होंगे.
- पहला T20I- 21 दिसंबर, विशाखापट्टनम
- दूसरा T20I- 23 दिसंबर, विशाखापट्टनम
- तीसरा T20I- 26 दिसंबर, तिरुवनंतपुरम
- चौथा T20I- 28 दिसंबर, तिरुवनंतपुरम
- पांचवां T20I- 30 दिसंबर, तिरुवनंतपुरम
टी20 में किसका पलड़ा है भारी?
टी20 फॉर्मेट में भारत का श्रीलंका के खिलाफ दबदबा कायम रहा है. अब तक दोनों टीमों के बीच खेले गए 26 टी20 मुकाबलों में से भारत ने 20 मैच जीते हैं, जबकि श्रीलंका सिर्फ 5 ही मैच जीत पाई है.