पापुआ न्यू गिनी के एक इंटरनेशनल क्रिकेटर को जर्सी आइलैंड पर डकैती का दोषी पाए जाने पर तीन साल की जेल की सजा सुनाई गई है. शुक्रवार (28) को एक खबर सामने आई, जिसने पूरे खेल जगत को हैरान कर दिया. 30 साल के विकेटकीपर किपलिन डोरिगा ने एक महिला पर हमला किया और उसका मोबाइल फोन चुरा लिया. इसके बाद पुलिस ने उन्हें दबोचा और मामला दर्ज करके कोर्ट में पेश कर दिया. वहां उसे कड़ी सजा मिली. डोरिगा इस साल की शुरुआत में आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप चैलेंज लीग में अपने देश को रिप्रेजेंट करने के लिए जर्सी में थे.
अगस्त में की थी चोरी, नवंबर में मिली सजा
ITV की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना सोमवार, 25 अगस्त को सुबह 2:30 बजे से ठीक पहले सेंट हेलियर में हिलेरी स्ट्रीट पर हुई. उस समय डोरिगा अपने होटल लौट रहे थे. पुलिस ने कहा कि डोरिगा ने महिला को देखा, उसे घूंसा मारकर जमीन पर गिरा दिया और उसका फोन ले लिया. महिला को लगी किसी भी चोट की जानकारी अभी नहीं दी गई है. डोरिगा को उसी दिन बाद में अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ की.
कोर्ट में जुर्म कबूला
अगले दिन डोरिगा पर ऑफिशियली रॉबरी का चार्ज लगाया गया और बाद में उसे जर्सी मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया. जहां उसने बुधवार (27 अगस्त) को जुर्म कबूल कर लिया. शुक्रवार (28 नवंबर को) जर्सी के रॉयल कोर्ट ने तीन साल जेल की सजा सुनाई. स्टेट्स ऑफ जर्सी पुलिस क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट के डिटेक्टिव सार्जेंट जिम मैकग्रानाहन ने तेजी से हुई जांच की तारीफ की है.
ये भी पढ़ें: 58 गेंद, 95 रन… KKR के ऑलराउंडर ने 163 की स्ट्राइक रेट से कूटे रन, गेंदबाजों में फैलाई दहशत
महिलाओं के खिलाफ अपराध स्वीकार नहीं
जिम मैकग्रानाहन ने कहा, ”यह एक अनजान आरोपी के साथ तेजी से हुई जांच थी. वह आइलैंड पर कुछ ही दिनों के लिए था. आरोप के नेचर की वजह से पुलिस ने कई डिटेक्टिव और दूसरे लोगों को लगाया जिन्होंने जल्दी से डोरिगा की पहचान की. इसके बाद उसे अरेस्ट किया और चोरी का सामान बरामद किया. हम महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हिंसा से लड़ते रहेंगे और आइलैंड के लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देंगे.” घटना के समय डोरिगा पहले ही डेनमार्क और कुवैत के खिलाफ मैच खेल चुके थे और हफ्ते के आखिर में और मैच होने थे.