Ruturaj Gaikwad Record: 30 नवंबर से भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज शुरू होगी. इस सीरीज के लिए ऋतुराज गायकवाड़ को भी जगह मिली है. वह करीब 2 साल बाद वनडे टीम में लौटे हैं. प्लेइंग 11 में जगह मिली तो ऋतुराज गायकवाड़ इसका पूरा फायदा उठाना चाहेंगे. ये तो हुई वनडे सीरीज की बात, लेकिन हम उनकी चर्चा आज इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि 28 नवंबर उनके करियर के खूबसूरत और यादगार दिनों में से एक है. इस दिन आज से ठीक 2 साल पहले इस बैटर ने कुछ ऐसा किया था, जो भारतीय क्रिकेट के इतिहास में न तो कभी पहले हुआ और न उसके बाद. अब पूरे दो साल बाद जब 28 नवंबर फिर से आया तो ऋतुराज गायकवाड़ का ये कमाल सोशल मीडिया पर छा गया.
ऋतुराज गायकवाड़ के जिस कमाल की यहां बात हो रही है वो है ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 में शतक लगाना. ऋतुराज ने साल 2023 में गुवाहाटी के मैदान पर खेले गए मुकाबले में विस्फोटक अंदाज़ में शतक लगाया था. वह कंगारू टीम के खिलाफ भारत के ऐसे पहले खिलाड़ी बने थे, जिन्होंने टी20 में सेंचुरी बनाई थी. खास बात यह है कि वह इकलौते ऐसे भारतीय हैं, जिनके नाम ये रिकॉर्ड दर्ज है. मतलब अब तक उनके अलावा कोई दूसरा भारतीय ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक नहीं ठोक पाया है. अब बात करते हैं उस मैच की, जिसमें ऋतुराज ने ये कमाल किया था.
जब वन मैन आर्मी बने थे ऋतुराज गायकवाड़
28 नवंबर 2023 को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला गुवाहाटी में खेला गया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट खोकर बोर्ड पर 222 रन टांग दिए थे. यशस्वी जायसवाल 6 रन बनाकर आउट हो गए थे और फिर तीसरे नंबर पर आए ईशान किशन का खाता भी नहीं खुला था. 2 विकेट जल्दी गिरने के बाद लगा कि टीम मुश्किल से 200 तक पहुंचेगी, लेकिन ऋतुराज उस दिन कुछ अलग ही मूड में ओपनिंग करने आए थे. एक तरफ से विकेट गिर रहे थे, लेकिन उन्होंने मोर्चा संभालकर तूफानी अंदाज में बैटिंग की.
13 चौके और 7 तूफानी छक्के
ऋतुराज गायकवाड़ ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर पारी को संभाला और चौके-छक्कों की बारिश कर डाली. उस मैच में ऋतुराज के सामने कंगारू गेंदबाज पस्त हो गए थे. एक तरह से उन्होंने मेहमान टीम के बॉलर्स को रूला दिया था. मैदान का ऐसा कोई कोना नहीं था, जहां ऋतुराज ने शॉट न खेला हो. उनके बल्ले से उस दिन 57 बॉल पर 13 चौके और 7 तूफानी छक्के निकले थे. मतलब उन्होंने चौके-छक्के मिलाकर कुल 20 बाउंड्री लगाई थीं और आखिर तक नाबाद रहते हुए टीम का स्कोर 222 रन पर पहुंचाया. उनके अलावा कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 29 बॉल पर 5 चौके और 2 छक्के के साथ 39 रन बनाए थे. 5वें नंबर पर आए तिलक वर्मा ने 24 बॉल पर 31 रन किए थे.
ग्लेन मैक्सवेल ने फेर दिया था ऋतुराज के शतक पर पानी
ऋतुराज के तूफानी शतक (123*) के बाद भी टीम इंडिया वो मैच हार गई थी, क्योंकि कंगारू टीम ने विस्फोटक बल्लेबाजी की और भारतीय गेंदबाज उन्हें रोकने में नाकाम रहे. ऑस्ट्रेलिया के लिए ग्लेन मैक्सवेल ने 48 बॉल पर 8 चौके और इतने ही छक्के ठोककर तूफानी शतक लगाया था. उन्होंने 48 बॉल पर नाबाद 104 रन किए और टीम को जीत दिलाई. ऑस्ट्रेलिया ने 5 विकेट खोकर 225 रन बनाए और मैच अपने नाम कर लिया था.