भारत के धाकड़ क्रिकेटर पृथ्वी शॉ को दुनिया के विस्फोटक बल्लेबाजों में गिना जाता है. पृथ्वी शॉ इतनी घातक बल्लेबाजी करते हैं कि उनके सामने विरोधी टीम के गेंदबाज भी रहम की दुआ मांगते हुए नजर आते हैं. पृथ्वी शॉ भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में तीनों ही फॉर्मेट टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू कर चुके हैं. 26 साल का ये तूफानी बल्लेबाज पिछले 4 साल से टीम इंडिया में वापसी के लिए तरस रहा है, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सेलेक्शन कमिटी उसे भाव तक नहीं दे रही है.
भारत के इस विस्फोटक बल्लेबाज की ऐतिहासिक पारी
पृथ्वी शॉ की वो पारी भला कौन भूल सकता है, जब उन्होंने 11 जनवरी 2023 को असम के खिलाफ एक रणजी ट्रॉफी मैच में 383 गेंदों पर 379 रन ठोक दिए थे. पृथ्वी शॉ की इस विस्फोटक पारी में 49 चौके और 4 छक्के शामिल रहे थे. टैलेंट के बावजूद पृथ्वी शॉ को टीम इंडिया में मौका नहीं दिया जा रहा, जो काफी सवाल खड़े करता है. 11 जनवरी 2023 को गुवाहाटी में खेले गए इस रणजी ट्रॉफी के मैच में असम की टीम ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया और मुंबई की टीम को पहले बल्लेबाजी सौंपी.
49 चौके और 4 छक्कों का तूफान
असम की टीम का यह फैसला उन्हीं पर बैकफायर कर गया. पहले बैटिंग करने उतरी मुंबई की टीम ने अपनी फर्स्ट इनिंग्स में 4 विकेट पर 687 रन का स्कोर खड़ा कर दिया और अपनी पारी डिक्लेयर कर दी. पृथ्वी शॉ ने तहलका मचाते हुए 383 गेंदों पर 379 रन की पारी खेली. पृथ्वी शॉ के अलावा अजिंक्य रहाणे ने मुंबई के लिए 302 गेंदों पर 191 रनों की पारी खेली. मुंबई के 687 रन के विशाल स्कोर के सामने असम की टीम दबाव में आ गई. मुंबई ने इस मैच में असम को पारी और 128 रन से हरा दिया.
पृथ्वी शॉ के रिकॉर्ड्स
पृथ्वी शॉ को सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग का कॉम्बिनेशन माना जाता है, जिनके पास एक से बढ़कर एक शॉट्स मौजूद हैं. पृथ्वी शॉ ने भारत के लिए 5 टेस्ट मैचों में 339 रन बनाए हैं. टेस्ट में पृथ्वी शॉ के नाम 1 शतक है. पृथ्वी शॉ ने 6 वनडे मैचों में 189 रन बनाए हैं. पृथ्वी शॉ ने भारत के लिए महज एक ही टी20 इंटरनेशनल मैच खेला, जिसमें वह शून्य पर आउट हो गए थे.
पृथ्वी शॉ तीनों ही फॉर्मेट्स में क्रिकेट खेल चुके
आखिरी बार ये बल्लेबाज साल 2021 में श्रीलंका दौरे पर वनडे और टी20 सीरीज में खेलता नजर आया था. पृथ्वी शॉ ने 79 IPL मैचों में 1892 रन बनाए हैं. अपनी कप्तानी में 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने के बाद पृथ्वी शॉ को साल 2018 में ही इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू का मौका मिला था. इस खिलाड़ी ने टीम इंडिया के लिए कई मौकों पर शानदार पारियां भी खेलीं. पृथ्वी शॉ भारत के लिए तीनों ही फॉर्मेट्स में क्रिकेट खेल चुके हैं, लेकिन अब तीनों ही फॉर्मेट्स में उनकी जगह छिन गई है.